धनबाद में लड़कियों से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में पत्थरबाजी, कई घायल

झारखंड के धनबाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट के बाद पत्थरबाजी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

Update: 2021-04-02 07:33 GMT

फोटो- सोशल मीडिया 

रांची: झारखंड के धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र एक बार फिर अशांत हो उठा। दरअसल एना छठ तालाब के पास दो पक्षों में हुई मारपीट में जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि होली के दिन यहाँ कुछ युवतियों व महिलाओं के साथ छेड़खानी की गई थी। इसके बाद से ही दो पक्षों में तनाव देखा जा रहा था जो मारपीट और पत्थरबाजी में तब्दील हो गया। घटना की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रण में किया। साथ ही घटना में घायलों को एम्बुलेंस में लाद कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

छेड़छाड़ से मना करने पर पत्थरबाजी

एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया कि, दूसरे पक्ष के लोग अक्सर युवतियों एवं महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते है। मना करने पर लाठी-डंडे और तलवार से लैस होकर सैंकड़ों की संख्या में लोग यहाँ पहुंचे और मारपीट करने लगे। जिसके बाद जमकर पत्थरबाजी हुई। दूसरे पक्ष का आरोप है कि, वे लोग सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। पत्थरबाजी की इस घटना में स्थानीय निर्दोष लोग शिकार हो गए। घटना में कई लोगों के घर के दरवाजे, खिड़की और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

महिलाओं का आरोप

घटना के संबंध में बाउरी बस्ती के महिलाओं का कहना है कि, होली के दिन बस्ती की युवतियां शौच के लिए जा रही थी। इस दौरान भुइयां बस्ती के कुछ मनचले युवकों ने गंदी-गंदी फब्तियां कसी और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जिसके बाद युवतियां वहां से किसी तरह भाग कर अपने घर पहुंची। गुरुवार को मोहल्ला का सूरज साव नामक युवक काम करने जा रहा था। इस दौरान बबली भुइँया, सूरज भुइँया, आकाश भुइँया, राहुल भुइँया समेत दर्जनों युवकों ने सूरज साव को बुलाकर लाठी-डंडे से उसे बुरी तरह पीटा। बस्ती के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो वे लोग उग्र हो गए और गाली गलौज करते हुए उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

जिसके बाद लोग किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचे। कुछ देर बाद पीछे से सैकड़ों की संख्या में भुइयां बस्ती के लोग बस्ती के पास आ पहुंचे और सामने जो भी लोग नजर आए उनपर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मोहल्ले के कुछ युवकों का हांथ-पांव भी टूटा है। फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है

रिपोर्ट: शाहनवाज

Tags:    

Similar News