झारखंड: कोरोना से पूर्व विधायक की मौत, Covid-19 की दूसरी लहर

जामताड़ा के पूर्व विधायक रहे विष्णु भैया की कोरोना संक्रमण के बाद मृत्यु हो गई है। रांची स्थित मेडिका अस्पताल

Update: 2021-04-04 13:02 GMT

फोटो-सोशल मीडिया

रांची। जामताड़ा के पूर्व विधायक रहे विष्णु भैया की कोरोना संक्रमण के बाद मृत्यु हो गई है। रांची स्थित मेडिका अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मौत की खबर पाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, विष्णु भैया परिवार के साथ उनका नजदीकी संबंध रहा है। वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं।

झारखंड में कोरोना की दूसरी लहर.

मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में संवाददाताओं से बातचीत के क्रम में कहा कि, कोरोना की दूसरी लहर झारखंड में भी दस्तक दे चुकी है। हर दिन संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि, वे कोविड- 19 को हल्के में ना लें। इस महामारी से बचाव को लेकर सतर्क रहें और पूरी सावधानी बरतें।

टीकाकरण भी जरूर करवाएं. मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि, वे कोविड-19 को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करें। मास्क का इस्तेमाल और सामाजिक दूरी का पालन जरूर करें।आपके सहयोग से ही कोरोना महामारी के प्रति चल रही लड़ाई जीत सकते हैं.

कोरोना और मंत्री की मौत.

पिछले वर्ष कोरोना संक्रमित होने के बाद तत्कालीन कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना से उबरने के दूसरे दिन ही उनकी मृत्यु हो गई थी। डॉक्टरों ने मौत के पीछे कोविड-19 को वजह नहीं माना था लेकिन कोरोना से उबरने के तुरंत बाद ही उनकी मृत्यु जरूर हुई थी। अब एक बार फिर जामताड़ा के पूर्व विधायक विष्णु भैया की कोरोना से मौत के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारों में चिंता की लकीरें खिंच गई है।

रांची से शाहनवाज की रिपोर्ट.

Tags:    

Similar News