बिहार के उपमुख्यमंत्री मोदी के काफिले पर राजद कार्यकर्ताओं ने किया पथराव

Update: 2017-08-16 02:38 GMT

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) के काफिले पर स्वतंत्रता दिवस की शाम वैशाली जिले के चकसिकंदर क्षेत्र के पास पथराव किया गया। इस घटना में हालांकि उपमुख्यमंत्री बाल-बाल बच गए। हमले का आरोप राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, उपमुख्यमंत्री मोदी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक किसी निजी कार्यक्रम में भाग लेने जंदाहा जा रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 103 पर चकसिकंदर के समीप उनके काफिले पर पथराव किया गया। पथराव में उपमुख्यमंत्री की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, उनके शरीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

इस हमले का आरोप राजद कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। बदला लेने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता भी गोलबंद हो रहे हैं।

आगे की स्लाइड में पढ़िए पूरी खबर

इधर, मोदी ने ट्वीट कर भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि राजद के कार्यकर्ता हताश हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में सभी लोग सुरक्षित हैं।

गौरतलब है कि कुछ ही समय पहले इस क्षेत्र से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव का काफिला गुजरा था और राजद कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिले के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

सौजन्य: आईएएनएस

Tags:    

Similar News