रांची टेस्ट में तीसरे दिन का खेल खत्म, पुजारा 130 रन बनाकर क्रीज पर, स्कोर 360/6

Update: 2017-03-18 04:40 GMT

रांची: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहली पारी में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट खोकर 360 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा 130 और रिद्धिमान साहा 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पुजारा ने 11वीं शानदार टेस्ट सेंचुरी लगाई। यह इस सीरीज में टीम इंडिया की ओर से पहला शतक है। पुजारा ने 214 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान इस बल्लेबाज ने 14 चौके भी लगाए। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये उनका दूसरा शतक है।

तीसरे दिन खेल की शुरुआत होते ही मुरली विजय ने हाफ सेंचुरी पूरी की और फिर शतक की ओर बढ़ गए, लेकिन 82 रन पर ओकीफे की गेंद पर वेड ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। भारत का तीसरा विकेट कप्तान विराट कोहली के रूप में गिरा। वो 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे। रहाणे, करूण नायर और आर.अश्विन भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए।

मुरली विजय से पहले लोकेश राहुल ने फिफ्टी लगाई थी। वो 67 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें पैट क्यूमिंस की गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने लपका। इस पारी के दौरान उन्होंने 9 चौके भी लगाए। यह लोकेश राहुल के टेस्ट करियर की 5वीं हाफ सेंचुरी थी।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 451 रन बनाकर ऑल आउट हुई थी। कप्तान स्टीव स्मिथ ने 178 नाबाद और ग्लेन मैक्सवेल ने 104 रन बनाए। भारत के लिए रवींद्र जडेजा सबसे कामयाब बॉलर साबित हुए। उन्होंने 5 विकेट निकाले। उन्होंने वॉर्नर, मैक्सवेल, मैथ्यू वेड, पैट कमिंस और ओकीफे को आउट किया।

दूसरे दिन टूटा मैक्सवेल का बल्ला

दूसरे दिन मैच की पहली ही गेंद पर मैक्सवेल का बल्ला टूट गया। उमेश यादव के ओवर की गेंद मैक्सवेल के बल्ले के ऊपरी हिस्से में लगी और बल्ला टूट गया। बल्ला टूटने के बावजूद मैक्सवेल ने 180 गेंदों में टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। हालांकि शतक के बाद वो अपने स्कोर में सिर्फ 4 रन ही जोड़ पाए। रवींद्र जडेजा की गेंद पर मैक्सवेल 104 रन बनाकर आउट हुए। आउट होने से पहले कप्तान स्मिथ के साथ मैक्सवेल ने पांचवें विकेट लिए 191 रन की पार्टनरशिप की थी।

Similar News