राज्यसभा में PM बोले- आप मेरे बाल नोच लीजिए, पर देश की बुराई मत करिए

Update: 2018-02-07 11:03 GMT
राज्यसभा में PM बोले- आप मेरे बाल नोच लीजिए, पर देश की बुराई मत करिए

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार (07 फरवरी) को लोकसभा में संबोधन के बाद राज्यसभा को भी संबोधित किया। पीएम मोदी राज्यसभा में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव दे रहे थे। इस दौरान एक बार फिर पीएम के निशाने पर कांग्रेस पार्टी रही। राज्यसभा संबोधन में पीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सवालों का जवाब भी दिया।

राज्यसभा में पीएम मोदी ने तंज भरे लहजे में कहा, इन्हें बाहर कोई नहीं सुनता, इसलिए यहां बोलते हैं। मैंने सुना कि गुलाम नबी आजाद वंशवाद पर चर्चा कर रहे थे। दरअसल, वो अपनी सरकार का काम बता रहे थे।'

हम सुधार करने के लिए तैयार हैं

अपने संबोधन में उन्होंने 'आयुष्मान भारत' की चर्चा की। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'आपने अमेरिका और ब्रिटेन आदि देशों का उदाहरण दिया। उनमें और हममें जमीन-आसमान का फर्क है। 50 साल सत्ता में रहना और जमीन से कट जाना स्वाभाविक है। इसलिए आप ऐसी बातें करते हैं। यह योजना देश के लिए है, किसी पार्टी के लिए है। सभी दल इसका अध्ययन करें और इसमें कोई कमी है तो सुझाएं, हम सुधार करने के लिए तैयार हैं।'

अब रेटिंग एजेंसी पर भी उठाने लगे उंगली

पीएम ने कहा, अगर मैं यहां बैठकर 9 बनाऊंगा, तो उधर बैठे लोगों को यह 6 दिखेगा। अब इसमें मेरी क्या गलती है? बताइए, 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' की रैंकिंग में सुधार होना गलत बात कैसे है? हम पर हमला बोलना संभव नहीं है तो आप रेटिंग एजेंसी पर हमला बोल देते हैं।'

मेरे बाल नोच लीजिए

पीएम ने विपक्ष और खासकर कांग्रेस पार्टी से कहा, 'आप सबकी बुराई करिए। लोकतंत्र में ये आपका हक है। मेरे बाल नोच लीजिए, पर आप मेरी बुराई करते-करते देश की बुराई कर देते हैं, यह देश का नुकसान हो रहा है।'

मोदी- कांग्रेस मुक्त भारत मेरा नहीं गांधी का आइडिया था

पीएम मोदी ने कहा, 'विवेकानंद ने भी यंग इंडिया की बात की थी। महात्मा गांधी ने भी नए भारत की बात की थी। राष्ट्रपति ने भी अपने संबोधन में यही कहा। और आप कहते हैं कि आपको न्यू इंडिया नहीं चाहिए। ठीक है, मुझे भी गांधी का भारत चाहिए। गांधी ने कहा था, कि आजादी मिल गई है, अब कांग्रेस की जरूरत नहीं है। इसलिए कांग्रेस मुक्त भारत का आइडिया वहीं से आया।'

आपको हमारा न्यू इंडिया नहीं चाहिए!

उन्होंने कांग्रेस पार्टी से पूछा, 'बताएं आपको कौन सा भारत चाहिए? बोफोर्स घोटाले वाला, दूसरे घोटालों वाला, बड़ा पेड़ गिरने के बाद धरती डोल जाती है, ऐसा भारत चाहिए? हजारों लोगों की मौत के गुनहगार को विमान में बैठाकर विदेश में ले जाया जाए, ऐसा भारत चाहिए। दावोस आप भी गए, हम भी गए। आपको हमारा न्यू इंडिया नहीं चाहिए।'

हमेशा आपको बैटिंग नहीं मिलेगी

पीएम मोदी ने कहा, 'साल 2014 से पहले जो हुआ, सब आपके खाते में। बचपन में हम देखते थे कि बच्चे खेलते-खेलते लड़ने लगते थे। हम सोचते थे कि लड़ाई क्यों होती है। बाद में पता चला कि जिसके हाथ में बैट होता है, वही खेलेगा, वह आउट होगा तो खेल नहीं होगा। आपकी भी यही आदत है, आपको हमेशा बैटिंग मिले।'

Tags:    

Similar News