अपनी नई भूमिका में देश की सेवा के लिए तैयार हैं राजीव कुमार

Update: 2017-08-06 13:07 GMT

नई दिल्ली : नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने रविवार को कहा कि वह अपनी नई भूमिका में देश की सेवा के लिए तैयार हैं। विख्यात अर्थशास्त्री राजीव कुमार ने ट्वीट कर यह बात कही।

एक अगस्त को अरविंद पनगढ़िया के इस्तीफे के बाद शनिवार को राजीव कुमार को नीति आयोग का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अरविंद अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में शिक्षण कार्य के लिए लौट गए हैं।

सेंटर फार पालिसी रिसर्च (सीपीआर) के सीनियर फेलो राजीव कुमार पुणे स्थित गोखले इंस्टीट्यूट आफ इकोनामिक्स एंड पालिटिक्स के चांसलर भी हैं। वह नीति केंद्रित शोध एवं विश्लेषण संस्थान 'पहले इंडिया फाउंडेशन' के संस्थापक निदेशक हैं।

सीपीआर में आने से पहले वह व्यावसायिक संगठन फिक्की के महासचिव थे।

राजीव अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक संबंधों की भारतीय शोध परिषद (आईसीआरआईईआर) के निदेशक व मुख्य कार्यकारी रह चुके हैं। उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के मुख्य अर्थशास्त्री की भी भूमिका निभाई थी। एशियन डेवलपमेंट बैंक व देश के उद्योग व वित्त मंत्रालय में भी वह पद संभाल चुके हैं।

राजीव ने लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। उन्होंने ऑक्सफोर्ड से अर्थशास्त्र में डीफिल उपाधि हासिल की है।





Tags:    

Similar News