बिहार में महिला को डायन बताकर जीभ काटी

Update: 2018-10-22 06:43 GMT

सासाराम: बिहार के रोहतास जिले के तिलौथु थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां अंधविश्वास के चलते गांव के कुछ लोगों ने मिलकर एक बुजुर्ग महिला की पहले तो जमकर पिटाई की। उसके बाद उसकी जीभ काट ली। गांव के लोग इतने पर ही नहीं रुके बल्कि उन्होंने पीड़ित महिला को डायन बताकर उसका मजाक भी उड़ाया।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रेडिया गांव में एक बुजुर्ग महिला के डायन होने के शक पर गांव के ही तीन लोगों ने घर में घुसकर उनकी जीभ काट डाली और सिर पर लोहे के रॉड से प्रहार किया।

जख्मी महिला को सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

रेडिया गांव निवासी स्वर्गीय दीपू रजवार की 70 वर्षीय विधवा राजकालो कुंअर अपने एक पोते व दो पोतियों के साथ शनिवार को घर में सो रही थी। आरोप है कि गांव के बिगहा टोले के नन्हक रजवार व उसके दोनों बेटे छट्टू रजवार और उदय रजवार घर में घुस आए और घटना को अंजाम दिया।

तिलौथु के थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार शाम पीड़िता की पोती संतरा के बयान पर इस मामले की एक प्राथमिकी तिलौथु थाना में दर्ज कर ली गई है, जिसमें नन्हक रजवार, छट्टू रजवार और उदय रजवार को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया इस घटना के पीछे ओझा-गुणी की बात सामने आ रही है, पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

-आईएनएस

ये भी पढ़ें...महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने पर तेजस्वी ने कसा तंज- ‘नैतिक बाबू’ इस्तीफा देंगे?

Tags:    

Similar News