Health : सर्दी में फिट रहने के लिए ऐसी जीवनशैली अपनाएं

Update: 2017-11-03 11:12 GMT

लखनऊ: ठंड की शुरुआत होने लगी है। यह मौसम स्वस्थ लोगों के लिए काफी खुशगवार होता है, लेकिन जिनको कोई समस्या रहती है उनके लिए परेशानी का मौसम होता है। इस मौसम में सबसे ज्यादा मामले हृदय रोग, जुकाम, गले में खराश और सीने में जकडऩ के आते हैं। साथ ही इस मौसम में डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा आदि के मरीजों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। इसके साथ ही खानपान और जीवनशैली पर भी विशेष ध्यान की जरूरत होती है ताकि आप स्वस्थ रह सकें-

एक आंवला रोज खाएं

आंवले में फाइबर अधिक होने के कारण रोजाना आंवला खाने से पाचनतंत्र में सुधार होता है और पेट संबंधी कई बीमारियों में फायदेमंद होता है। नियमित आंवला खाना मौसमी संक्रमण से भी बचाता है। आंवला मस्तिष्क और आंखों के लिए दवा की तरह का काम करता है। इससे याददाश्त बढ़ती है और आंखों की रोशनी तेज होती है।

देसी नुस्खे अपनाएं

सर्दी के मौसम में देसी नुस्खे जरूर अपनाने चाहिए। तुलसी, काली मिर्च और अदरक का काढ़ा भी ऐसे में फायदेमंद है। एक गिलास पानी में अदरक का छोटा टुकड़ा, २-३ काली मिर्च व तुलसी के 5-7 पत्ते उबालकर पानी आधा रहने पर इसे गर्म ही पीयें। ऐसा दिन में दो बार करने से शरीर में सर्दी का असर कम होगा। इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। बीमारियों का असर कम होता है।

ये भी पढें:फैशन : ठंड के मौसम में हाई नेक शूज के साथ दिखें स्टाइलिश

बाजरा और मक्के की रोटियां खाएं

इनमें पोटेशियम, फास्फोरस, कैल्शियम, सोडियम और आयरन भरपूर मिलता है। इसे रोजाना भोजन में शामिल करने से गर्भवती महिलाओं को जरूरी विटामिन और खनिज पदार्थ मिलते हैं। यह हृदय रोग जैसे आर्टरीज (धमनियां) में होने वाले ब्लॉकेज को रोकने में मददगार है। प्रति 100 ग्राम ज्वार से 25 मिग्रा कैल्शियम मिलता है। स्वस्थ व्यक्ति अगर खाता है तो उसको और फायदेमंद होता है।

चना डाइट में शामिल करें

मसल्स मजबूत बनाने के लिए चने की रोटी डाइट में शामिल करें। 100 ग्राम चना में 17.1 ग्राम प्रोटीन मिलता है। इसकी बनी रोटी में पर्याप्त बी-कॉम्प्लेक्स और अन्य जरूरी विटामिन्स होते हैं। यह मधुमेह के मरीजों के लिए अच्छा भोजन

है। वहीं मकई की रोटी कोलोन कैंसर के खतरे कम करती है। इससे तैयार रोटी में विटामिन बी 1, बी-5, विटामिन-सी, फास्फोरस और मैगनीज होता है। साथ ही ये बीटा कैरोटीन यानी विटामिन-ए से भरपूर होती है। इसमें मौजूद फाइबर हृदय रोगों से बचाता है।

8-10 गिलास पानी जरूर पिएं

सर्दी के मौसम में ज्यादातर लोग पानी कम पीते हैं। उन्हें लगता है कि कम पानी पीना चाहिए,लेकिन ऐसा नहीं हैं। हर मौसम में पानी जरूरी है। अगर पानी की कमी होती है तो त्वचा में रूखापन, होंठ फटने जैसी परेशानियां हो जाती हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिए दिन में 8-10 गिलास पानी पीना जरूरी है। अगर कोई समस्या है तो बेहतर होगा कि गुनगुना पानी पीएं। स्वस्थ हैं तो भी गुनगुना पानी पीना सेहत के लिए ठीक रहता है।

टाइम पर लें नाश्ता

शरीर में दिनभर ऊर्जा बनी रहे इसके लिए नाश्ता बहुत जरूरी होता है। इसके साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़े, इसके लिए भी नाश्ता करना जरूरी होता है। इस मौसम में हरी सब्जियां खूब मिलती हैं। इसलिए हरी पत्तेदार सब्जियों के साथ गाजर, शकरकंद, टमाटर, अमरूद आदि को सलाद के रूप में शामिल करें।

 

नियमित व्यायाम करें

स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम करना चाहिए। इसके लिए कुछ देर के लिए जॉगिंग के अलावा टहल सकते हैं। इससे शरीर में चुस्ती-फुर्ती आने के साथ रक्तसंचार भी बढ़ेगा। जिनको घुटनों में या कोई और समस्या है तो उन्हें डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। अगर स्वस्थ है तो लिफ्ट के बजाय सीढिय़ों का नियमित इस्तेमाल करें। रोजाना कम से कम ३0 मिनट की एक्सरसाइज जरूर करें जिसमें ब्रिस्क वॉक, साइक्लिंग भी कर सकते हैं। यह स्वस्थ रहने का सबसे अच्छा मंत्र है।

Tags:    

Similar News