क्या आप जानते हैं! किस ब्लड ग्रुप वालो को सबसे ज्यादा काटते हैं मच्छर? जानिए इसके पीछे का कारण!
Reason behind Mosquito Bite: मच्छर(Mosquito) खासतौर पर O ब्लड ग्रुप वाले लोगों को सबसे ज्यादा काटते हैं, जबकि A ब्लड ग्रुप वालों को सबसे कम। इसके अलावा, शरीर की गंध, पसीना, और कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर भी मच्छरों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।;
Reason Behind Mosquito Bite (Image Credit-Social Media)
Reason Behind Mosquito Bite: मच्छरों(Mosquito)के काटने से हर कोई परेशान रहता है, लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि कुछ लोगों को मच्छर ज्यादा काटते हैं जबकि कुछ को कम? कई वैज्ञानिक शोधों में यह बात साबित हो चुकी है कि मच्छरों की पसंद का एक महत्वपूर्ण कारक ब्लड ग्रुप (Blood Group) होता है। मच्छर विशेष रूप से कुछ खास ब्लड ग्रुप के प्रति अधिक आकर्षित होते हैं। इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे कि किस ब्लड ग्रुप वाले लोगों को मच्छर सबसे ज्यादा काटते हैं और इसके पीछे के वैज्ञानिक कारण क्या हैं।
मच्छर इंसानों को क्यों काटते हैं?
मच्छर केवल अपनी भूख मिटाने के लिए इंसानों को नहीं काटते, बल्कि मादा मच्छर को प्रजनन के लिए प्रोटीन और आयरन की आवश्यकता होती है, जो उसे इंसान के खून से मिलता है। नर मच्छर खून नहीं पीते; वे केवल फूलों का रस और शहद जैसी मीठी चीजों पर निर्भर रहते हैं।
Reason Behind Mosquito Bite (Image Credit-Social Media)
मादा मच्छर इंसान को काटने के लिए कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂), पसीने से निकलने वाले रसायन (लैक्टिक एसिड, यूरिक एसिड), शरीर का तापमान और ब्लड ग्रुप जैसे कई कारकों पर निर्भर करती है।
कौन सा ब्लड ग्रुप मच्छरों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है?
कई वैज्ञानिक अध्ययनों से पता चला है कि ब्लड ग्रुप "O" वाले लोगों को मच्छर सबसे ज्यादा काटते हैं। इसके बाद ब्लड ग्रुप "A" वाले लोग, फिर "B" ब्लड ग्रुप वाले आते हैं।
मच्छर ब्लड ग्रुप को कैसे पहचानते हैं?
हमारे शरीर से कुछ ऐसे केमिकल स्रावित होते हैं, जिनकी गंध से मच्छर यह पहचान लेते हैं कि हमारा ब्लड ग्रुप क्या है। लगभग 80% लोग ऐसे होते हैं जिनका ब्लड ग्रुप उनकी त्वचा के जरिए बाहर भी झलकता है। ऐसे लोगों को मच्छर जल्दी पहचान लेते हैं और काटते हैं।
Reason Behind Mosquito Bite (Image Credit-Social Media)
इसके पीछे वैज्ञानिक अध्ययन और निष्कर्ष
• जर्नल ऑफ़ मेडिकल एन्टोमोलॉजी (Journal of Medical Entomology) में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, ब्लड ग्रुप O वाले लोगों को मच्छर दो गुना अधिक काटते हैं, जबकि A ब्लड ग्रुप वालों को सबसे कम।
• एक अन्य रिसर्च में पाया गया कि लगभग 85% लोग ऐसे होते हैं जो अपनी त्वचा से एक विशेष प्रकार का केमिकल छोड़ते हैं, जिससे उनका ब्लड ग्रुप पहचानने में मच्छरों को आसानी होती है।
• B ब्लड ग्रुप वालों को मच्छर A ग्रुप वालों की तुलना में अधिक काटते हैं लेकिन O ग्रुप वालों की तुलना में कम।
Reason Behind Mosquito Bite (Image Credit-Social Media)
मच्छरों की पसंद को प्रभावित करने वाले अन्य कारक
ब्लड ग्रुप के अलावा भी कई कारण हैं जिनकी वजह से मच्छर कुछ लोगों को ज्यादा काटते हैं:
1. कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) का स्तर:- मच्छर कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) की ओर आकर्षित होते हैं। जो लोग ज्यादा CO₂ छोड़ते हैं, जैसे कि गर्भवती महिलाएं और भारी शरीर वाले लोग, उन्हें मच्छर अधिक काटते हैं।
2. शरीर का तापमान और पसीना:- शरीर का उच्च तापमान और अधिक पसीना मच्छरों को आकर्षित करता है। पसीने में मौजूद लैक्टिक एसिड, यूरिक एसिड और अमोनिया जैसी गंधें मच्छरों को ज्यादा आकर्षित करती हैं।
3. स्किन बैक्टीरिया और गंध:- हर इंसान की त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया अलग-अलग प्रकार की गंध उत्पन्न करते हैं। मच्छरों को कुछ गंधें ज्यादा आकर्षित करती हैं। खासकर, जिन लोगों के पैरों में ज्यादा बैक्टीरिया होते हैं, उन्हें मच्छर अधिक काटते हैं।
4. कपड़ों का रंग :- गहरे रंग के कपड़े (जैसे काला, नीला, लाल) पहनने वाले लोगों को मच्छर अधिक काटते हैं क्योंकि वे इन रंगों को आसानी से देख सकते हैं। हल्के रंग के कपड़े पहनने से मच्छरों से बचा जा सकता है।
5. गर्भवती महिलाएं :- गर्भवती महिलाओं को मच्छर ज्यादा काटते हैं क्योंकि वे सामान्य लोगों की तुलना में 21% ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड छोड़ती हैं और उनका शरीर का तापमान भी अधिक होता है।
बीयर का सेवन करने वाले लोगों की तरफ होते है आकर्षित
अध्ययनों से पता चला है कि शराब, विशेष रूप से बीयर का सेवन करने वाले लोग, मच्छरों को अधिक आकर्षित करते हैं। इसके पीछे कई वैज्ञानिक कारण हैं। शराब पीने से शरीर का तापमान थोड़ा बढ़ जाता है, जिससे मच्छर अधिक आकर्षित होते हैं क्योंकि वे गर्म शरीर को संभावित भोजन स्रोत के रूप में देखते हैं। इसके अलावा, शराब, खासकर बीयर पीने के बाद, शरीर अधिक मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) छोड़ता है। मच्छर CO₂ सेंसर की मदद से अपने शिकार को पहचानते हैं, इसलिए जो लोग अधिक CO₂ छोड़ते हैं, वे मच्छरों के लिए अधिक आकर्षक होते हैं।
Reason Behind Mosquito Bite (Image Credit-Social Media)
इसके अलावा, शराब पीने से शरीर के पसीने की गंध और संरचना में भी बदलाव आता है, जिससे मच्छरों का आकर्षण बढ़ जाता है। बीयर पीने के बाद त्वचा से निकलने वाले कुछ रसायन मच्छरों को विशेष रूप से पसंद आते हैं। एक और महत्वपूर्ण कारण शरीर में इथेनॉल की मौजूदगी है। शराब पीने के बाद, शरीर के माध्यम से इथेनॉल उत्सर्जित होता है, जो मच्छरों के लिए आकर्षक होता है। इसके साथ ही, शराब रक्त वाहिकाओं को फैलाने का कारण बनती है, जिससे रक्त प्रवाह बढ़ जाता है। मच्छरों को ऐसे लोग ज्यादा पसंद आते हैं जिनका रक्त संचार तेज होता है, क्योंकि इससे उन्हें आसानी से भोजन (रक्त) लेने में मदद मिलती है।
एक वैज्ञानिक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग बीयर पीते हैं, वे उन लोगों की तुलना में अधिक मच्छरों को आकर्षित करते हैं, जिन्होंने शराब नहीं पी थी। हालांकि, यह प्रभाव केवल बीयर तक सीमित नहीं है अन्य प्रकार की शराब भी मच्छरों को आकर्षित कर सकती है, लेकिन बीयर के प्रभाव को अधिक स्पष्ट रूप से देखा गया है।
मच्छरों के काटने से बचने के उपाय
मच्छरों से बचने के लिए कुछ प्रभावी उपाय अपनाए जा सकते हैं:
• DEET (डाइएथाइल टोल्यूएमाइड) युक्त रिपेलेंट्स, नींबू और यूकेलिप्टस ऑयल, सिट्रोनेला ऑयल और लैवेंडर ऑयल जैसे मच्छर भगाने वाले उत्पादों का उपयोग करें
• हल्के और ढीले कपड़े पहनें क्योकि गहरे रंगों के बजाय हल्के रंग के कपड़े पहनने से मच्छरों को दूर रखा जा सकता है।
• रात में सोते समय मच्छरदानी और खिड़कियों पर जाली का उपयोग करे ।
• रुके हुए पानी में मच्छर अंडे देते हैं, इसलिए कूलर, गमले, नालियां और टायरों में पानी न जमा होने दें।
• घर में नीम के पत्ते जलाने या कपूर जलाने से भी मच्छर दूर रहते हैं।
• तुलसी, गेंदा, और पुदीना जैसे पौधे घर में लगाने से मच्छर दूर रहते हैं।
• लहसुन और नीम का तेल लगाने से भी मच्छर पास नहीं आते।