Salman Khan Ke Vivad: सलमान खान से जुड़े 4 किस्से, जो रहे सबसे ज्यादा विवादों में, अबतक होती है चर्चा

Salman Khan Ke Vivad: सलमान खान को बॉलीवुड में 3 दशक से भी ज्यादा समय बीत चुका है। इस दौरान उन्होंने कई विवादों से भी काफी चर्चा बटोरी। आइए जानते हैं ऐसे ही 4 किस्सों के बारे में जो आज भी सुर्खियों में रहते हैं।;

Written By :  Shreya
Update:2025-02-24 07:50 IST

Salman Khan Controversies (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Salman Khan Controversies: सलमान खान (Salman Khan) बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। फैंस के बीच वह भाईजान, सल्लू, ब्लॉकबस्टर स्टार, रॉबिन हुड नाम से मशहूर हैं। उनकी फिल्म आते ही सिनेमा हॉल फुल हो जाते हैं और फैंस उसे हाइप करने का एक भी मौका नहीं छोड़ते हैं। वैसे, भाईजान की फैन फॉलोइंग केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर में है।

दो बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स (National Film Awards) जीत चुके सलमान खान ने बतौर लीड एक्टर साल 1989 में फिल्म मैंने प्यार किया (Maine Pyar Kiya) फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में 3 दशक से भी ज्यादा समय बीत चुका है। सलमान न केवल अपने फिल्मों बल्कि पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी ज्यादा सुर्खियों में रहते हैं। उनकी जिंदगी से जुड़े ऐसे कई किस्से हैं, जिनकी चर्चा आज भी होती रहती है। आज हम आपको उनमें से कुछ ऐसी ही किस्सों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके चलते सलमान काफी विवादों में रहे थे।

1- काला हिरण शिकार

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

सलमान खान और काला हिरण शिकार का किस्सा आपने जरूर सुना होगा, लेकिन अगर आप नहीं जानते ये पूरा मामला क्या है तो चलिए आज जान लेते हैं इसके बारे में। दरअसल, ये मामला है 1998 का, जब फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान सलमान खान और उनके को-एक्टर्स सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेंद्रे पर राजस्थान के एक गांव में काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा था। इस मामले में सलमान खान की गिफ्तारी (Salman Khan Arrest) भी हुई थी और कोर्ट द्वारा उन्हें दोषी भी ठहराया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा किया गया। इस घटना के बाद से लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान की जान का दुश्मन बना हुआ है।

हालांकि सलमान खान ने अपने इंटरव्यूज में हमेशा काला हिरण को मारने की खबरों का खंडन किया है। उनका कहना है कि उन्होंने काला हिरण को नहीं मारा। लेकिन सुपरस्टार के इन बयानों के बाद भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। बीते साल अक्टूबर में NCP अजित पवार गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। ऐसी भी खबरें सामने आईं कि सलमान खान का करीबी होने की वजह से एनसीपी नेता की जान ली गई। जिसके बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

2- ऐश्वर्या राय संग लव अफेयर

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

यूं तो सलमान खान की गर्लफ्रेंड (Salman Khan Girlfriend) की लिस्ट छोटी नहीं है, लेकिन बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अदाकाराओं में से एक ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) के साथ उनके रिश्ते की चर्चा आज भी होती है। यह बॉलीवुड की सबसे चर्चित और विवादित लव स्टोरीज में से एक थी। दोनों की पहली मुलाकात साल 1999 में आई फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के सेट पर हुई थी और इसी सेट पर दोनों की नजदीकियां बढ़नी शुरू हो गईं। हालांकि इनका रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और साल 2001 में ही दोनों के रास्ते अलग हो गए।

ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या राय ने सलमान खान पर मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। भाईजान के अपमानजनक व्यवहार के कारण ऐश्वर्या ने उनसे अपना रिश्ता खत्म कर लिया। सलमान से अलग होने के बाद एक्ट्रेस ने 2007 में अभिषेक बच्चन से शादी कर ली थी। वहीं, दूसरी ओर सलमान खान आज भी कुंवारे हैं, लेकिन ऐसा नहीं है कि ऐश के बाद उनकी जिंदगी में कभी दोबारा प्यार ने दस्तक नहीं दी। उनका नाम कई हसीनाओं के साथ जुड़ा लेकिन किसी के भी साथ बात शादी तक नहीं पहुंची।

3- शाहरुख खान संग रिश्ते में आई थी दरार

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

बॉलीवुड के करण-अर्जुन यानी कि सलमान खान और शाहरुख खान एक-दूसरे के जिगरी यार माने जाते हैं। दोनों हर मुश्किल हालात में एक दूसरे का साथ जरूर देते हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी आया था, जब इन दोनों दोस्तों के रिश्ते में खटास आ गई थी, जिसके बाद लंबे समय तक दोनों ने बातचीत करना बंद कर दिया था।

दरअसल, साल 2008 में कैटरीना कैफ की बर्थडे पार्टी के मौके पर कुछ ऐसा हुआ कि दोनों स्टार्स में लड़ाई हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बोलचाल बंद हो गई। हालांकि कुछ सालों बाद दोनों एक्टर्स का मनमुटाव खत्म हो गया और आज दोनों फिर से दोस्त हैं। बताया जाता है कि साल 2013 में दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में दोनों की वापस दोस्ती हो गई थी।

4- इन स्टार्स का खत्म कर दिया करियर

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

इसके अलावा सलमान खान एक और चीज के लिए बहुत फेमस हैं, वो हैं दुश्मनी को लेकर। ऐसा कहा जाता है कि जिसने भी सलमान खान से दुश्मनी मोड़ ले ली, उसके करियर गया। जी हां, सल्लू भाई पर अब तक कई स्टार्स के करियर को बर्बाद करने का आरोप लगा है। इसमें लिस्ट में ऐश्वर्या राय का नाम भी शामिल है। बताया जाता है कि सलमान फिल्मों के सेट पर जाकर ऐश्वर्या के साथ बदतमीजी से पेश आते थे, जिसके बाद कई प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स ने ऐश के साथ काम करने से इंकार कर दिया था।

इसके अलावा सलमान खान पर सोनू निगम, अर्जुन कपूर, विवेक ओबेरॉय, सुशांत सिंह राजपूत, जिया खान समेत कई एक्टर्स के करियर को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लग चुका है। हालांकि सलमान ने इन आरोपों पर रिएक्ट करते हुए कहा था कि मैं खुद ही इंडस्ट्री के ज्यादा लोगों के साथ नहीं जुड़ा हूं। इंडस्ट्री में जिनके साथ काम करता हूं, उन्हीं के साथ मैं शूटिंग के वक्त बात करता हूं बस। इंडस्ट्री के जो मेरे फ्रेंड्स हैं, वो या तो सीनियर्स हैं या फिर मेरे बचपन के दोस्त। सलमान ने ये भी कहा था कि उनमें वो क्वालिटी भी नहीं है कि किसी स्टार के साथ मनमुटाव रख सकें।

Tags:    

Similar News