Vinesh Phogat Life Story: संघर्षों में बीता विनेश फोगाट का बचपन, पिता की मौत ने बदल दी जिंदगी

Vinesh Phogat Life Story: पॉपुलर भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट अपना सियासी सफर शुरू करने जा रही हैं। आइए जानते हैं उनके कुश्ती से लेकर पॉलिटिक्स तक के सफर के बारे में।

Written By :  Shreya
Update: 2024-09-06 08:15 GMT

Vinesh Phogat (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Vinesh Phogat Life Story: देश की जानी मानी महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) कुश्ती के बाद अब राजनीति के अखाड़े में कदम रखने वाली हैं। वह हरियाणा की राजनीति में एंट्री करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। साथ ही ऐसी अटकलें हैं कि वह कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा में विधानसभा चुनाव भी लड़ सकती हैं। विनेश के साथ उनके जीजा पहलवान बजरंग पुनिया भी कांग्रेस (Congress) ज्वाइन करने वाले हैं। विनेश फोगाट का ये सियासी सफर कैसा रहेगा, ये तो वक्त ही बताएगा। लेकिन आज हम आपको बताने वाले हैं विनेश फोगाट के बचपन से लेकर पॉलिटिक्स तक में पहुंचने के सफर के बारे में।

आसान नहीं था बचपन (Vinesh Phogat Life Journey)

पॉपुलर भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट का जन्म एक पहलवान परिवार में हुआ था। वह राजपाल फोगाट (Rajpal Phogat) की बेटी हैं। राजपाल एक बस ड्राइवर थे, जो चाहते थे कि उनकी बेटी खूब तरक्की करे। लेकिन जब विनेश 9 साल की थीं, तब उनके पिता (Vinesh Phogat Father) राजपाल की मृत्यु हो गई थी। ऐसे में छोटी उम्र से ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया। इसके बाद विनेश की जिंदगी में असली संघर्ष शुरू हुआ। लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और सभी मुश्किलों का सामना डटकर किया। वह अपने परिवार की ताकत और ढाल बनकर खड़ी हुईं। पिता की मृत्यु के बाद विनेश अपनी मां की पशु पालने और खेती में मदद किया करती थीं।

पिता की मृत्यु के बाद विनेश फोगाट के ताऊ महावीर सिंह फोगाट (Mahavir Singh Phogat) ने उन्हें और उनकी बहन प्रियंका को पालने पोषने और पहलवान बनाने का काम किया। महावीर मशहूर महिला पहलवानों गीता, बबीता, रितु और संगीता फोगाट के पिता हैं। उन्होंने ही अपनी बेटियों और भतीजियों को पहलवानी के गुर सिखाएं हैं। वो महावीर ही थे, जिनके चलते फोगाट परिवार की बेटियों ने पहलवानी में कदम रखा था। कम उम्र में उन्होंने विनेश को भी रेसलिंग की ट्रेनिंग देनी शुरू कर दी थी।

गांव वालों ने किया था विरोध

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

विनेश को कुश्ती खेलने के लिए गांव के लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा था। लेकिन उन्होंने समाज की इन बातों को नजरअंदाज करते हुए कुश्ती के अखाडे़ में अपनी मेहनत जारी रखी। इसी की नतीजा है कि आज वह देश के सबसे बेहतरीन महिला पहलवानों में गिनी जाती हैं। वह कुश्ती में अब तक कई मेडल और रिकॉर्ड्स हासिल कर चुकी हैं। साथ ही कुश्ती खेल में बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने के लिए उन्हें सरकार द्वारा 2016 में अर्जुन पुरस्कार और 2020 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

ओलंपिक में हर बार मिली निराशा

बता दें विनेश फोगाट ने 2016 में ओलंपिक अपना डेब्यू किया था। वह रियो ओलंपिक के लिए महिलाओं की 48 किग्रा फ्रीस्टाइल श्रेणी में चुनी गई थीं। जाहिर तौर पर ओलंपिक जैसे प्लेटफॉर्म पर भारत को प्रेजेंट करने के लिए वह बेहद खुश थीं, लेकिन घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें क्वार्टर फाइनल मुकाबले से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद उन्होंने टोक्यो ओलंपिक गेम्स 2020 के लिए क्वालिफाई किया, लेकिन इस बार भी विनेश को हार का सामना करना पड़ा। वह क्वार्टर फाइनल मैच हार गई थीं। इस बार पेरिस ओलंपिक 2024 में वह जीत के बस एक कदम दूर थीं, लेकिन वेट ज्यादा होने के कारण उन्हें आयोग्य घोषित कर दिया गया। इस हार ने विनेश के साथ ही पूरे देशवासियों का दिल तोड़कर रख दिया था।

अब करेंगी पॉलिटिक्स में डेब्यू

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

महिला पहलवान विनेश फोगाट अब कांग्रेस ज्वाइन करने जा रही हैं। वह हरियाणा में चुनाव भी लड़ती नजर आ सकती हैं। बता दें ओलंपिक से पहले विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व प्रमुख और बीजेपी नेता बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। साथ ही पहलवानों के विरोध प्रदर्शन में भी भाग लिया था। इस दौरान उन्होंने अपना खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार भी लौटा दिया था। इस प्रदर्शन के समय कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला सार्वजनिक रूप से उनके साथ खड़े थे। शायद यही वजह है कि विनेश अपना राजनीतिक सफर कांग्रेस के साथ शुरू करने जा रही हैं। कांग्रेस भी इस मुद्दे का इस्तेमाल विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ जरूर करना चाहेगी।

विनेश फोगाट मेडल (Vinesh Phogat Medals)

1- 2018 एशियाई खेल- स्वर्ण पदक

2- 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स- स्वर्ण पदक

3- 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स- स्वर्ण पदक

4- 2018 एशियाई चैंपियनशिप- रजत पदक

5- 2013 राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप- रजत पदक

6- 2020 एशियाई चैम्पियनशिप- कांस्य पदक

7- 2019 विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप- कांस्य पदक

8- 2019 एशियाई चैम्पियनशिप- कांस्य पदक

9- 2016 एशियाई चैम्पियनशिप- कांस्य पदक

10- 2014 एशियाई खेल- कांस्य पदक

11- 2013 एशियाई चैम्पियनशिप- कांस्य पदक

Tags:    

Similar News