'अयोध्या वासियों के साथ नाइंसाफी हुई...', फैजाबाद के चुनाव परिणाम को लेकर बोले अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav Statement: लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फैजाबाद सीट पर बीजेपी की हार को लेकर बयान दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्यावासियों के साथ नाइंसाफी हुई है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-06 08:18 GMT

Akhilesh Yadav Statement: लोकसभा चुनाव का परिणाम सामने आ चुका है। एनडीए सरकार बनाने की तरफ आगे बढ़ चुकी है। इस बार के चुनाव परिणाम ने सबको चौंका दिया। बीजेपी का उत्तर प्रदेश में काफि नुकसान हुआ। सबसे अधिक चर्चा रही फैजाबाद यानी अयोध्या सीट की। यहां से बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह को हार का सामना पड़ा है। सपा के अवधेश प्रसाद ने उन्हें करीब 54 हजार वोटों से मात दी है। अब इसी बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने बीजेपी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक पुण्य काम के लिए गरीबों के आशियाने को नष्ट कर दिया, इसलिए अयोध्या और आसपास के इलाकों के लोगों ने सरकार के खिलाफ मतदान किया।  

अखिलेश यादव का बयान

मीडिया से बात करते हुए फैजाबाद सीट पर सपा की जीत और भाजपा की हार पर अखिलेश यादव ने बयान देते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में और भी सीटें हारती। मैं अयोध्या के लोगों को धन्यवाद देता हूं। समय-समय पर अयोध्या का दर्द देखा है। उन्हें उनकी जमीन का उचित मुआवज़ा नहीं दिया गया। उनके साथ अन्याय किया गया। उनकी जमीन बाजार मूल्य के बराबर नहीं ली गई। उन पर झूठे मुकदमे लगाकर उनकी जमीनें जबरन छीन ली गईं। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि बीजेपी किसी एक पुण्य के काम के लिए गरीबों के घर को उजाड़ रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि अयोध्या और आसपास के इलाकों के लोगों ने बीजेपी के खिलाफ मतदान किया।

अवधेश प्रसाद ने क्या कहा?

फैजाबाद से चुनाव जीतने के बाद सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद ने कहा कि इस बार बीजेपी के सारे मुद्दे फेल हो गए। भाजपा का दिया हुआ 400 पार का नारा भी झूठा था। उन्होंने कहा कि राम इस दुनिया में पहले से हैं और हर जगह मौजूद हैं। BJP के अहंकार को अयोध्या की जनता ने खत्म किया है। अवधेश प्रसाद ने आगे कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रचंड जीत होने जा रही है। BJP को एक तिहाई सीट भी नहीं मिलने वाली है।

अयोध्या में हारी बीजेपी

गौरतलब है कि फैजाबाद सीट बीजेपी की हाथ से निकल गई। इस सीट पर सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की। अवधेश प्रसाद को कुल 5,54,289 वोट मिले। वहीं बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह को 4,99,722 वोट प्राप्त हुए। अवधेश प्रसाद ने करीब 54 हजार वोटों के अंतर से लल्लू सिंह को पटखनी दी।

Tags:    

Similar News