Lok Sabha Election: दिल्ली में आप के बाद अब कांग्रेस का चुनाव प्रचार करेंगे अरविंद केजरीवाल, तीन सीटों पर रोड शो की तैयारी

Lok Sabha Election 2024: केजरीवाल बुधवार को उत्तर पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र और चांदनी चौक इलाके में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-05-15 12:40 IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल  (photo: social media ) 

Lok Sabha Election 2024: राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन कर रखा है मगर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अभी तक सिर्फ आप प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने में जुटे हुए थे। दिल्ली की चार सीटों पर आप प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं जबकि तीन सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी उतार रखे हैं। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल अब आज से कांग्रेस प्रत्याशियों की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने की शुरुआत करेंगे।

केजरीवाल की ओर से अभी तक कांग्रेस का चुनाव प्रचार न करने पर सवाल उठाए जा रहे थे और माना जा रहा है कि इसलिए उन्होंने अब कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए रोड शो करने का फैसला किया है। केजरीवाल बुधवार को उत्तर पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र और चांदनी चौक इलाके में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। आने वाले दिनों में वे उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस का प्रचार करेंगे।

कांग्रेस के लिए आज शुरू करेंगे अभियान

राजधानी दिल्ली में कांग्रेस उत्तर पश्चिमी, चांदनी चौक और उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस की ओर से उत्तर पश्चिमी लोकसभा सीट पर उदित राज, चांदनी चौक में जेपी अग्रवाल और उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर कन्हैया कुमार को चुनाव मैदान में उतर गया है।

शराब घोटाले में गिरफ्तार अरविंद केजरीवाल को पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था। तिहाड़ जेल से रिहाई के तुरंत बाद अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी आप के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था।

वैसे उन्होंने अभी तक गठबंधन के सहयोगी कांग्रेस के प्रत्याशियों के लिए वोट नहीं मांगा था। इसे लेकर सवाल उठने के बाद अब केजरीवाल आज से कांग्रेस प्रत्याशियों का भी चुनाव प्रचार करेंगे।

आप-कांग्रेस गठबंधन में एकजुटता का दावा

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया कि राजधानी दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर आप और कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है मगर अब अरविंद केजरीवाल की ओर से कांग्रेस के समर्थन में रोड शो करने से भाजपा की साजिश पूरी तरह विफल हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चांदनी चौक से पार्टी के प्रत्याशी जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिमी लोकसभा क्षेत्र में उदित राज के समर्थन में दो रोड शो करेंगे। केजरीवाल का पहला रोड शो मॉडल टाउन से शुरू होगा जबकि दूसरे रोड शो की शुरुआत जहांगीरपुरी से होगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के चुनाव प्रचार से गठबंधन प्रत्याशियों की स्थिति और मजबूत होगी।

दिल्ली के साथ अन्य राज्यों का दौरा करने की तैयारी

राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के तीनों प्रत्याशियों ने हाल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान राजधानी दिल्ली की चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई थी। तीनों प्रत्याशियों ने केजरीवाल से अपने समर्थन में चुनाव प्रचार करने का अनुरोध किया जिसे केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया है।

आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि केजरीवाल सिर्फ दिल्ली में ही नहीं बल्कि दिल्ली के बाहर अन्य राज्यों में भी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से उन्हें 1 जून तक की अंतरिम जमानत दी गई है और 2 जून को उन्हें फिर सरेंडर करना है। सरेंडर करने से पूर्व वे गठबंधन प्रत्याशियों की चुनावी स्थिति मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे। वे जल्द ही उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और पंजाब का दौरा करने वाले हैं।

Tags:    

Similar News