BJP Manifesto Explainer: PM मोदी की 24 गारंटियों में गायब रहा देश के युवाओं का बड़ा मुद्दा

BJP Manifesto Explainer: भाजपा ने मोदी की 24 गारंटियों के साथ आज घोषणा पत्र जारी कर दिया। हालांकि बीजेपी के इस मेनिफेस्टो में भी भाजपा की पिछली गारंटियां हावी हैं।

Written By :  Seema Pal
Update: 2024-04-14 10:40 GMT

भाजपा ने घोषणा पत्र जारी किया : Pic - Social Media

BJP Manifesto Explainer: कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। रविवार को चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए भाजपा ने आगामी वर्षों के लिए बड़े एलान किए हैं। इसमें भाजपा ने महिला सशक्तिकरण, किसानों को सम्मान, व्यापारियों को आर्थिक लाभ से लेकर थर्ड जेंडरों के अधिकार तक को शामिल किया है। पीएम मोदी ने भाजपा के मेनिफेस्टो को ‘मोदी की 24 गारंटियां’ कहा है। मगर, कुछ सालों से देश के युवा जिस गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, मोदी की गारंटियों में वह मुद्दा गायब रहा।

भाजपा के वादों में पिछली गारंटियां हावीं

लोकसभा चुनाव की सरगर्मी शुरू होते ही विपक्षी दलों के साथ देश की जनता को भी भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का इंतजार था। आज वह इंतजार खत्म हुआ। भाजपा ने मोदी की 24 गारंटियों के साथ आज घोषणा पत्र जारी कर दिया। बीजेपी के घोषणा पत्र में इस बार कुछ नये मुद्दे भी शामिल हुए हैं। हालांकि बीजेपी के इस मेनिफेस्टो में भी भाजपा की पिछली गारंटियां हावी हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में जो देश के विकास को आधार देने वाली जो 24 गारंटियां हैं, पहले उन्हें बिंदुओं में जानते हैं।

मोदी की 20 गारंटियों का विश्लेषण

1. भाजपा के मेनिफेस्टो में 80 करोड़ परिवारों को आगामी पांच साल तक मुफ्त राशन देने की बात कही गई है। भाजपा की यह स्कीम पिछले घोषणा पत्र से आधारित है और वर्तमान में जारी है।

2. भाजपा ने 70 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को आयुष्मान योजना का लाभ देने का वादा किया है। देश में यह योजना मोदी सरकार द्वारा पहले से लागू की जा रही है। इसमें 2.5 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग लाभ ले सकते हैं।

3. भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में इस बार भी हर गरीब को पक्का घर देने की बात कही है। भाजपा की यह योजना भी पुराने मेनिफेस्टो से जुड़ी है।

4. भाजपा ने अपने मेनिफेस्टो में इस बार ट्रांसजेंडर्स को शामिल किया है। देश में अभी तक थर्ड जेंडरों को आवास देने की सुविधा नहीं थी। इस बार भाजपा ने थर्ड जेंडरों को भी आवास देने की घोषणा की है।

5. घोषणा पत्र में भाजपा ने इस बार घरों में पाइप के माध्यम से सस्ती रसोई गैस भेजने का वादा किया है। हालांकि देश में पहले से ही कई जगहों पर यह सुविधा लागू है। बता दें कि अपने पिछले मेनिफेस्टो में भाजपा ने सस्ते गैस सिलेंडर देने का भी एलान किया था।

6. इस बार भाजपा ने एक बड़ा एलान किया है। भाजपा ने देश में ‘एक देश, एक चुनाव’ कराने की गारंटी दी है।

7. पीएम मोदी ने घोषणा पत्र में देश में चल रही वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार करने का वादा किया है। देश में कई राज्यों की पटरी पर वंदे भारत ट्रेन रफ्तार से दौड़ रही है।

8. भाजपा ने इस मेनिफेस्टो में सभी नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने का फिर से वादा किया है।

9. इस बार भाजपा ने स्वास्थ्य बीमा योजना में मछुआरों को भी जोड़ा है। इसके तहत भाजपा मछुआरों को भी बीमा स्वास्थ्य का लाभ देगी।

10. भाजपा ने इस बार महिला सशक्तिकरण पर अधिक ध्यान दिया है। इस घोषणा पत्र में भाजपा ने तीन करोड़ ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का भरोसा दिलाया है।

11. भाजपा ने घरों से बाहर काम करने वाली महिलाओं के लिए शिशुगृह जैसी सुविधाओं से परिपूर्ण हॉस्टल निर्मित कराने का वादा किया है।

12. देश के छोटे उद्यमियों के लिए भाजपा ने मुद्रा योजना के विस्तार का वादा किया है। इसमें तरुण श्रेणी में समय पर लोन चुकाने वाले उद्यमियों की मौजूदा क्रेडिट सीमा को बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का एलान किया है।

13. इसमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने का वादा किया है। जिसमें योग, आयुर्वेद, विभिन्न भारतीय भाषा, शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

14. भाजपा ने वादा किया है कि देश में हर साल 5 हजार किलोमीटर तक नई पटरियां जोड़ी जाएंगी।

15. इसमें भाजपा ने ग्राम पंचायतों को भारत नेट से जोड़ने की बात कही है। हालांकि भाजपा के पुराने मेनिफेस्टो में भी यह शामिल था।

16. भाजपा ने किसानों के लिए एक स्वदेशी भारत कृषि सैटेलाइट लॉन्च करने का एलान किया है।

17. राजमार्गों पर ट्रक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घोषणा पत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ट्रक ड्राइवरों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की गारंटी दी गई है।

18. भाजपा ने वादा किया है कि छोटे व्यापारियों और एमएसएमई को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से बचाया जाएगा। उनके लिए किफायती बीमा प्रोडक्ट्स शुरू किए जाएगा।

19. इस मेनिफेस्टो में भाजपा ने आदिवासियों का ध्यान भी खींचने की कोशिश की है। भाजपा ने वादा किया है कि साल 2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती को देश में जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

20. भाजपा ने दिव्यांगों को भी पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी है। भाजपा ने वादा किया है कि दिव्यांगों को जरूरत के अनुसार आवास की सुविधा दी जाएगी।

21. इसमें देश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाने की गारंटी भी दी गई है।

22. भाजपा की गारंटी में पर्यावरण अनुकूल बनाने का भी वादा किया गया है। भाजपा की यह गारंटी भी पहले मेनिफेस्टो का आधार है।

23. भाजपा ने घोषणा पत्र में श्रमिकों को सम्मान और उचित अधिकार देने का वादा किया है।

24. भाजपा की गारंटी में युवाओं के लिए ज्यादा कुछ खास देखने को नहीं मिला। अपने घोषणा पत्र में भाजपा ने युवाओं को रोजगार के अवसर देने की गारंटी देने का वादा किया है। हालांकि यह भी भाजपा के पुराने मेनिफेस्टो में शामिल था।

घोषणा पत्र में युवाओं की अनदेखी

देश में पिछले कुछ सालों से रोजगार के लिए भटक रहें युवाओं को मोदी सरकार के घोषणा पत्र से काफी उम्मीदें थी। बीजेपी के घोषणा पत्र में इस बार भी युवाओं को स्व रोजगार का अवसर देने का दिलासा दिया गया है। मगर, युवाओं की शुरू से ही राजकीय रोजगार की मांग रही है। पिछले कुछ सालों पर नजर डालें तो युवाओं को शैक्षिक योग्यानुसार रोजगार न मिलने की वजह से बड़ी संख्या में युवा विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं। देश में शिक्षा का स्तर तो सुधर रहा है, लेकिन प्रशासनिक भर्तियों के ढाचे में कोई सुधार नहीं हुआ। ऐसे में बीजेपी के इस मेनिफेस्टो में भी युवाओं का यह मुद्दा बाहर रहा। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा युवाओं को आकर्षित करने में फिर से नाकामयाब रही। भाजपा के घोषणा पत्र में शिक्षित युवाओं की मांगों की अनदेखी युवा मतदाताओं को प्रभावित कर सकता है।

Tags:    

Similar News