Lok Sabha Election: कांग्रेस ने मनोज तिवारी के मुकाबले कन्हैया कुमार को उतारा मैदान में, घोषित किए 10 और प्रत्याशियों के नाम

Lok Sabha Election: कांग्रेस ने दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट पर BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के खिलाफ JNU छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार को मैदान में उतार दिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-14 15:58 GMT

दिल्ली नॉर्थ ईस्ट लोक सभा सीट से मनोज तिवारी के मुकाबले कन्हैया कुमार: Photo- Social Media

Lok Sabha Election: कांग्रेस ने रविवार को लोकसभा चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी। पार्टी की ओर से दिल्ली की तीन, पंजाब की 6 और उत्तर प्रदेश की प्रयागराज लोकसभा सीट से उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के खिलाफ जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के युवा चेहरे कन्हैया कुमार को मैदान में उतार दिया है। दिल्ली में चांदनी चौक में जेपी अग्रवाल और नॉर्थ वेस्ट सीट पर उदित राज को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की लोकसभा सीट पर भी पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने इस सीट पर सपा के कद्दावर नेता रेवती रमण सिंह के बेटे उज्जवल रमण सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। उज्जवल को प्रत्याशी बनाए जाने से अब प्रयागराज में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है।

दिल्ली में कांग्रेस को मिली हैं तीन सीटें

दिल्ली की लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों का नाम तय करने के लिए कांग्रेस की ओर से कई बैठकों में मंथन पहले ही किया जा चुका था। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अब तीनों प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है और इस गठबंधन में आप को चार और कांग्रेस को तीन सीटों पर चुनाव लड़ना है। आप ने चार सीटों पर करीब एक महीना पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए थे।

नॉर्थ ईस्ट सीट से कन्हैया कुमार प्रत्याशी: Photo- Social Media

नॉर्थ ईस्ट सीट से कन्हैया कुमार प्रत्याशी

अब कांग्रेस ने भी तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार ने पिछला लोकसभा चुनाव बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हुआ था मगर 2019 में कन्हैया कुमार को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कन्हैया कुमार को इस बार भी बिहार से ही चुनाव लड़ाने का इच्छुक था मगर बेगूसराय लोकसभा सीट वाम दलों के खाते में चली गई है।

कांग्रेस नेता इस संबंध में राजद को मनाने में कामयाब नहीं हो सके और इस कारण बिहार से कन्हैया कुमार की उम्मीदवारी तय नहीं हो सकी। अब कांग्रेस ने दिल्ली की नॉर्थ ईस्ट सीट से कन्हैया कुमार को अपना उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है।

मनोज तिवारी: Photo- Social Media

मनोज तिवारी से होगा मुकाबला

भाजपा ने इस सीट पर चर्चित गायक मनोज तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है। मनोज तिवारी इस सीट पर पिछले दो लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस ने उनके खिलाफ दमदार नेता के रूप में कन्हैया कुमार को उतार दिया है। कन्हैया कुमार को पूर्वांचल ही नहीं बल्कि दिल्ली के लोग भी अच्छी तरह जानते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वे इस सीट पर मनोज तिवारी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट पर जेपी अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट पर पूर्व सांसद संदीप दीक्षित भी टिकट के दावेदार माने जा रहे थे। उत्तर-पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से पूर्व सांसद उदित राज को चुनाव मैदान में उतारा गया है हालांकि पार्टी के एक गुट की ओर से उनके नाम का विरोध किया जा रहा था।

जालंधर से मिला चन्नी को टिकट

कांग्रेस ने पंजाब के पटियाला से धर्मवीर गांधी, संगरूर से सुखपाल सिंह खैरा, अमृतसर से गुरजीत औजला, जालंधर से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रयागराज से उज्जवल रेवती रमण सिंह को टिकट दिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के बाद कांग्रेस ने पंजाब की बागडोर चन्नी को सौंपी थी और अब पार्टी ने उन्हें लोकसभा चुनाव के मैदान में उतार दिया है।


 उज्जवल रमण सिंह: Photo- Social Media

प्रयागराज में उज्जवल और नीरज में होगा मुकाबला

प्रयागराज में उज्जवल रमण सिंह पर पार्टी ने दांव लगाया है। उज्ज्वल ने कुछ समय पहले कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी और उसके बाद से ही उनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही थी। भाजपा ने इस बार प्रयागराज में रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काटकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी को चुनाव मैदान में उतारा है और अब प्रयागराज में उज्जवल और नीरज के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News