Lok Sabha Election: कांग्रेस चुनाव समिति की अहम बैठक आज, राहुल-प्रियंका के साथ इन नामों पर लग सकती है मुहर

Lok Sabha Election 2024: राहुल गांधी को अमेठी और वायनाड से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है जबकि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनावी राजनीति में एंट्री करेंगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-07 04:56 GMT

Rahul Gandhi ,Priyanka gandhi (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों का नाम तय करने के लिए कांग्रेस की आज महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम पर मुहर लग सकती है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी को अमेठी और वायनाड से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है जबकि प्रियंका गांधी रायबरेली से चुनावी राजनीति में एंट्री करेंगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी की चुनाव समिति की आज पहली बैठक होगी। इस बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के पार्टी प्रत्याशियों के नाम तय किए जाने की संभावना है। पार्टी की ओर से प्रत्याशियों की सूची को लेकर पहले ही होमवर्क किया जा चुका है।

अमेठी और वायनाड से लड़ सकते हैं राहुल

कांग्रेस के चुनाव समिति की आज होने वाली बैठक पर सबकी निगाहें इसलिए लगी हुई हैं क्योंकि इस बैठक के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की उम्मीदवारी पर मुहर लगाए जाने की संभावना है। राहुल गांधी को एक बार फिर उत्तर प्रदेश की अमेठी और केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारे जाने की संभावना है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 में अमेठी और वायनाड दोनों लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ा था। अमेठी लोकसभा सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्हें करीब 55 हजार मतों से हरा दिया था। हालांकि वायनाड सीट पर राहुल गांधी चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे।

कांग्रेस पार्टी के अमेठी जिला प्रमुख प्रदीप सिंघल ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी अमेठी से कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे और इस बाबत जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी।


अमेठी में राहुल के सामने कड़ी चुनौती

अमेठी में इस बार भी राहुल गांधी को स्मृति ईरानी की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि वे चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार क्षेत्र में सक्रिय बनी हुई हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी से तीन बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं। हाल में वे अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर अमेठी पहुंचे थे।

दूसरी ओर वायनाड में वामदलों ने राहुल के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं क्योंकि पार्टी ने इस सीट पर अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है।


प्रियंका को रायबरेली से उतारने की तैयारी

राहुल गांधी की बहन और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रभारी रह चुकी प्रियंका गांधी इस बार रायबरेली से चुनावी मैदान में एंट्री कर सकती हैं। सियासी हल्कों में प्रियंका गांधी की लोकसभा सीट को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार प्रियंका गांधी रायबरेली की लोकसभा सीट से चुनावी राजनीति में उतरने वाली हैं। सोनिया गांधी ने रायबरेली के लोगों के नाम अपने भावुक विदाई संदेश में भी इस लोकसभा क्षेत्र से परिवार का नाता बने रहने का बड़ा इशारा किया था। लंबे समय तक रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली सोनिया गांधी ने पहले ही इस बार लोकसभा चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था जिसके बाद अब वे राजस्थान से राज्यसभा सदस्य बन चुकी हैं।

सोनिया गांधी के इस फैसले के बाद से ही इस बात के कयास लगते रहे हैं कि इस बार रायबरेली लोकसभा सीट से गांधी परिवार के किसी सदस्य को ही चुनावी अखाड़े में उतारा जाएगा।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के महत्वपूर्ण बैठक से पहले पार्टी हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि भाई-बहन के लिए कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों को जीतने का प्रयास सबसे अच्छा विकल्प है।


राजस्थान में इन नेताओं के टिकट पक्के

कांग्रेस से जुड़े हुए सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय चुनाव समिति के बैठक के बाद पार्टी की ओर से 100 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा सकती है। इस सूची में उत्तर प्रदेश के साथ ही राजस्थान,दिल्ली और कुछ अन्य राज्यों की लोकसभा सीटों का भी ऐलान किया जा सकता है।

राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को टिकट मिलना तय माना जा रहा है। वैभव गहलोत के अलावा भरतपुर से संजना जाटव, जोधपुर से मानवेंद्र सिंह, कोटा से अशोक चांदना और दौसा से मुरारी लाल मीणा के नामों का ऐलान किया जा सकता है।


दिल्ली में इन नामों का हो सकता है ऐलान

दिल्ली में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। इस गठबंधन में पार्टी को लोकसभा की तीन सीटें मिली हैं। आम आदमी पार्टी ने अपने चारों प्रत्याशी पहले ही घोषित कर दिए हैं जबकि कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों का ऐलान आज किया जा सकता है।

दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, अलका लांबा और उदित राज के नामों की चर्चा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी है और उनके नाम पर भी आज मुहर लगाई जा सकती है। आज होने वाली चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत चुनाव समिति के अन्य सदस्य हिस्सा लेंगे।

Tags:    

Similar News