Election 2024: भाजपा के '400 पार' के नारे पर थरूर ने कसा तंज, कहा-'200 पार' जाना भी अब पार्टी के लिए बड़ी चुनौती

Election 2024: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भाजपा के इस दावे को मजाक बताया है। उनका कहना है कि 300 पार जाना भी असंभव है और 200 पार जाना भी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-05-02 13:41 GMT

भाजपा के '400 पार' के नारे पर थरूर ने कसा तंज, कहा-'200 पार' जाना भी अब पार्टी के लिए बड़ी चुनौती: Photo- Social Media

Election 2024: भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस बार के लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया गया है मगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भाजपा के इस दावे को मजाक बताया है। उनका कहना है कि 300 पार जाना भी असंभव है और 200 पार जाना भी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है।

केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी शशि थरूर ने कहा कि भाजपा को दक्षिण भारत से करारा झटका लगने वाला है। तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलेगी।

थरूर को तिरुवनंतपुरम में जीत का भरोसा

थरूर की लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान हो चुका है। भाजपा ने तिरुवनंतपुरम में थरूर के खिलाफ केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को चुनाव मैदान में उतारा था जबकि सीपीआई की ओर से उनके खिलाफ केपी रविंद्रन चुनाव मैदान में उतरे थे। राजीव चंद्रशेखर ने इस बार तिरुवनंतपुरम में काफी मेहनत की है मगर शशि थरूर को इस लोकसभा सीट पर अपनी जीत का पूरा भरोसा है।

उनका दावा है कि वे आराम से इस सीट पर लगातार चौथी बार जीत हासिल करने में कामयाब होंगे। तिरुवनंतपुरम में लगातार दो महीने तक चुनाव प्रचार में व्यस्त रहने के बाद शशि थरूर अब दिल्ली पहुंच गए हैं। अब वे अन्य इलाकों में कांग्रेस प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन अच्छा रहेगा

पहले दो चरणों के मतदान के बाद शशि थरूर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अभी तक देश की 190 लोकसभा सीटों पर मतदान का काम पूरा हो चुका है। उनका कहना है कि अपने स्रोतों से उन्हें पहले दो चरणों के मतदान के बारे में पूरी जानकारी मिली है। इन दोनों चरणों में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन काफी अच्छा रहने वाला है।

उन्होंने कहा कि इस बार हमारे पक्ष में मतदाताओं में अच्छा माहौल दिख रहा है। हम यह दावा तो नहीं कर सकते कि हमारे पक्ष में लहर चल रही है मगर यह भी सच्चाई है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार के पक्ष में भी कोई लहर नहीं दिख रही है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को मिलने वाली सीटों के अनुमान के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जिस तरह क्रिकेट प्रशंसक स्कोर को लेकर कोई भविष्यवाणी नहीं करता मगर अपनी टीम की जीत की कामना करता है,ठीक वैसे ही स्थिति चुनाव को लेकर भी कहीं जा सकती है।

भाजपा के मतदाता इस बार उदासीन

उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव पर नजर रखने वालों का मानना है कि 2014 और 2019 जैसी स्थिति नहीं दिख रही है। इस बार भाजपा के मतदाताओं में उदासीनता का भाव और उत्साह की कमी दिख रही है। उन्होंने कहा कि मैं इस समय पूरे दावे के साथ कर सकता हूं कि हम अपेक्षा से अधिक अच्छा प्रदर्शन करने वाले हैं।

उन्होंने सात चरणों में चुनाव कराने के आयोग के फैसले पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चुनाव को अनावश्यक रूप से इतना लंबा खींचा गया है। दो चरणों का मतदान पूरा हो चुका है मगर अभी भी पांच चरणों का चुनाव बाकी है। थरूर ने कहा कि इस बात की संभावना हर चरण में बढ़ती जा रही है कि भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को इस बार बहुमत हासिल नहीं होगा।

दक्षिण भारत में लगेगा भाजपा को बड़ा झटका

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा का 400 पार का दावा तो पूरी तरह मजाक लग रहा है। 300 पार करने की स्थिति भी नामुमकिन लग रही है और अब तो 200 पार पहुंचना भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। इस बार के लोकसभा चुनाव में दक्षिण भारत में भाजपा को जबर्दस्त झटका लगना तय है। तमिलनाडु,केरल और आंध्र प्रदेश में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।

कर्नाटक में भी पार्टी 2019 जैसा प्रदर्शन नहीं दोहरा पाएगी। तेलंगाना में भी भाजपा के लिए अच्छी संभावनाएं नहीं दिख रही हैं। कुल मिलाकर भाजपा को दक्षिण भारत से बड़ा झटका लगना तय है।

Tags:    

Similar News