Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के पास बाराबंकी से दावेदार कम, भाजपा प्रत्याशी ने वापस किया टिकट

Lok Sabha Elections 2024: बाराबंकी लोकसभा सीट में दलित और मुस्लिम जातियों के वोटर निर्णायक की भूमिका में हैं। इस लोकसभा सीट में करीब दो लाख कुर्मी वोटर हैं।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-03-06 07:03 GMT

BJP and Congress  in Barabanki  (photo:social media )

Lok Sabha Elections 2024: इंडिया गठबंधन के मुताबिक बाराबंकी लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी की सीमा से सटी इस सीट पर जीत हासिल करना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती होगी। कांग्रेस के दिग्गज नेता पीएल पुनिया बाराबंकी से एक बार सांसद रहे हैं। लेकिन वे कांग्रेस का एक बड़ा दलित चेहरा माने जाते हैं। भाजपा सांसद उपेंद्र सिंह रावत को पार्टी ने फिर से टिकट दिया है।

टिकट के प्रबल दावेदार तनुज पुनिया

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के तहत लखनऊ लोकसभा सीट सपा के खाते में गई है। जबकि राजधानी से सटी बाराबंकी सीट कांग्रेस को मिली है। इस लोकसभा सीट से कांग्रेस पीएल पुनिया के पुत्र तनुज पुनिया को टिकट दे सकती है। वे कांग्रेस पार्टी की ओर से इस सीट के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। तनुज ने आईआईटी रुड़की से अपनी पढ़ाई की है। 2017 में उन्होंने पहली बार बाराबंकी के जैदपुर विधानसभा से चुना लड़ा था। पार्टी ने उन्हें अगले विधानसभा चुनाव में फिर उम्मीदवार बनाया। लेकिन वे जीत नहीं हासिल कर सके।

भाजपा प्रत्याशी ने वापस किया टिकट

भारतीय जनता पार्टी के सांसद उपेंद्र सिंह रावत को बाराबंकी लोकसभा से भाजपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। प्रत्याशी बनाए जाने के कुछ समय बाद ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। विपक्ष का आरोप है कि इस वायरल वीडियो में भाजपा प्रत्याशी ही हैं। लेकिन सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने एक्स पर पोस्ट कर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि यह वीडियो दीपफेक एआई की मदद से बनाया गया है। जब तक इस मामले की जांच नहीं होती। और मैं निर्दोष नही साबित होता तब तक कोई भी चुनाव नहीं लडूंगा। इसके बाद उन्होंने टिकट वापस कर दिया है।

क्या है यहां का जातिगत समीकरण

बाराबंकी लोकसभा सीट में दलित और मुस्लिम जातियों के वोटर निर्णायक की भूमिका में हैं। इस लोकसभा सीट में करीब दो लाख कुर्मी वोटर हैं। यहां लगभग इतने ही यादव जाति के मतदाता हैं। इसके साथ इस सीट पर ब्राह्मण और क्षत्रिय वोटरों की संख्या डेढ़-डेढ़ लाख है।

एक बार पीएल पुनिया रहे सांसद

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पन्ना लाल पुनिया बाराबंकी लोकसभा सीट 2009 में सांसद चुने गए थे। 2010 में उन्हें राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का चेयरमैन भी बनाया गया था। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका सिंह रावत 2014 के लोकसभा चुनावों में पीएल पुनिया को हराकर यहां से सांसद चुनी गईं।

चार बार जीती है कांग्रेस

साल 1952 में इस लोकसभा सीट का गठन हुआ। बाराबंकी लोकसभा लगभग सभी प्रमुख पार्टियां कभी न कभी चुनाव जीती हैं। कांग्रेस पार्टी ने कुल चार बार इस सीट से जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी ने तीन, समाजवादी पार्टी ने दो और बसपा ने एक बार बाराबंकी लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है।

Tags:    

Similar News