Election 2024: मेनका गांधी के खिलाफ लड़ा था चुनाव, अब सपा में शामिल हुए बाहुबली नेता चंद्रभद्र सिंह सोनू

सुलतानपुर के बाहुबली पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलकात की। इसके बाद उन्होंने सपा की नीतियों पर आस्था जताते हुए पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है।

Written By :  Rajnish Verma
Update:2024-05-21 22:14 IST

Election 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 को लेकर पांच चरणों में चुनाव सम्पन्न हो चुका है। इस बीच नेताओं का दल-बदल का दौर जारी है। सुलतानपुर के बाहुबली पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू ने समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। बता दें कि वह इसौली से विधायक रह चुके हैं। उनके पिता इंद्रभद्र सिंह भी विधायक थे। बीते लोकसभा चुनाव - 2019 में वह बहुजन समाज पार्टी के  टिकट पर भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं।

सुलतानपुर के बाहुबली पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलकात की। इसके बाद उन्होंने सपा की नीतियों पर आस्था जताते हुए पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि चंद्रभद्र सिंह सोनू के शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उनके शामिल होने के बाद यह माना जा रहा है कि इससे सपा प्रत्याशी को मदद मिलेगी।

मेनका गांधी के खिलाफ लड़ा था चुनाव

बीते लोकसभा चुनाव - 2019 में चंद्रभद्र ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर सुलतानपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी मेनका गांधी से हार का सामना करना पड़ा था। बीते लोकसभा चुनाव के लगभग छह माह बाद ही बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने चंद्रभद्र सिंह सोनू और उनके भाई मोनू सिंह को पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। वर्ष 1995 से 2022 तक सुल्तानपुर में चंद्रभद्र सिंह सोनू के खिलाफ 30 मुकदमे दर्ज हैं।

25 मई को होगा मतदान

गौरतलब है कि सुलतानपुर में छठे चरण में लोकसभा का चुनाव होना है, यहां 25 मई को मतदान होगा। इस लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने मेनका गांधी को चुनाव मैदान में उतारा है। INDIA गठबंधन की ओर से समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद को मैदान में उतारा है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने उदराज वर्मा को टिकट दिया है।

Tags:    

Similar News