Election 2024 : लखनऊ में विपक्ष पर गरजे राजस्थान के सीएम, कहा - दलित और ओबीसी के हक को छीनने का काम किया

Election 2024 : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा राजधानी लखनऊ पहुंचे, यहां भाजपा कार्यालय में उन्होंने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षियों पर जमकर प्रहार किया।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-05-23 10:18 GMT

भाजपा कार्यालय में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने की प्रेसवार्ता (Photo & Video - Newstrack)

Election 2024 : लोकसभा चुनाव - 2024 को लेकर पांचवे चरण का मतदान समाप्त हो गया है, छठे चरण चुनाव प्रचार के लिए राजनीतिक दल जोर आजमाइश में लगे  हुए हैं। इसी कड़ी में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा राजधानी लखनऊ पहुंचे, यहां भाजपा कार्यालय में उन्होंने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षियों पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दलित, ओबीसी और वंचितों के हक को छीनने का का किया है।

लखनऊ में प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सवाल किया, कि राज्य सरकार धर्म के  आधार पर आरक्षण देने की योजना बना रही है, इस पर सीएम ने कहा कि राजस्थान में ऐसा कभी नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि हम संविधान का सम्मान करते हैं। संविधान में जो प्रावधान दिए गए हैं, उसी के अनुसार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां आम जनता को गुमराह करने का काम कर रहीं हैं।  

सीएम ने विपक्ष पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। विपक्षी दल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सच्चाई के साथ खड़ी है और जनता को सच्चाई से अवगत कराते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा, कि हम सब मिलकर राजस्थान को एक समृद्ध और विकसित राज्य बना सकते हैं। इसके लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा।


मुसलमान जातियों को बना दिया ओबीसी

उन्होंने कहा कि कोलकाता हाईकोर्ट ने 2010 के बाद जारी ओबीसी के सर्टिफिकेट को रद्द करके तुष्टिकरण की राजनीति पर ताला लगा दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले 70 सालों में कांग्रेस ने ओबीसी, दलित और महिलाओं के साथ अन्याय किया है। पिछली सरकारों में ओबीसी का हक मुसलमान को देने का काम किया गया, जो बीजेपी होने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने बिना किसी सर्वे कराए मुसलमान जातियों को ओबीसी में शामिल कर दिया, जो कि संविधान की मूल धारणा के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण की कोई भी धारणा नहीं है। ममता बनर्जी ने कोर्ट के आदेश पर जो बयान दिया है, वह कोर्ट की अवमानना है व अराजकता है। कांग्रेस ने कभी भी बाबा साहब का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि ओबीसी को सम्मान देने का काम मोदी सरकार ने किया। कांग्रेस ने दलित और ओबीसी के अधिकारों पर डाका डालने की कोशिश की है।

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे नरेंद्र मोदी  

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना हमला बोला और कहा कि  उत्तर प्रदेश में युवराज का गठबंधन पूरी तरीके से परास्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में परिवर्तन हुआ है और आज़ादी के बाद जो सपने देखे गए थे, मोदी सरकार उनकाें पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।

Tags:    

Similar News