UP Lok Sabha Election: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर थमा चुनावी शोर, इन दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी

UP Lok Sabha Election: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिन आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान होने वाला है, वहां चुनाव प्रचार थम गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-17 12:10 GMT

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर लोक सभा के लिए चुनाव प्रचार खत्म: Photo- Social Media

UP Lok Sabha Election: उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होने वाला है और इन सीटों पर चुनाव प्रचार का शोर थम गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिन आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान होने वाला है, उनमें कैराना, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद और नगीना शामिल हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी राजनीतिक दलों ने इन लोकसभा क्षेत्र में मतदाताओं को रिझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। इन आठ सीटों पर कई सियासी दिग्गज अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। 

चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के मुताबिक, मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पूर्व चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर पहले चरण में शुक्रवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होने वाला है। इस कारण इन सीटों पर आज चुनाव प्रचार बंद गया है। इसके बाद किसी भी प्रकार के प्रचार पर पूरी तरह बैन रहेगा और यदि कोई चुनाव प्रचार करते पकड़ा जाएगा तो उसके खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा के प्रदीप चौधरी, सपा प्रत्याशी इकरा हसन: Photo- Social Media

कैराना

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर इस बार कड़ा मुकाबला हो रहा है। कैराना सीट पर भाजपा के प्रदीप चौधरी, सपा प्रत्याशी इकरा हसन व बसपा के श्रीपाल राणा समेत 14 प्रत्याशी हैं मगर मुख्य मुकाबला प्रदीप चौधरी और सपा प्रत्याशी इकरा हसन के बीच माना जा रहा है।

मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर सीट पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे संजीव बालियान को सपा के हरेंद्र मलिक और बसपा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति कड़ी चुनौती दे रहे हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।

सहारनपुर

सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी राघव लखनपाल को कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद से कड़ी चुनौती मिल रही है। बसपा प्रत्याशी माजिद अली मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इस चुनाव क्षेत्र में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।

सपा के दीपक सैनी- बसपा के बिजेंद्र सिंह: Photo- Social Media

बिजनौर

बिजनौर सीट रालोद के खाते में गई है और रालोद ने यहां पर चंदन चौहान को चुनाव मैदान में उतारा है। सपा के दीपक सैनी और बसपा के बिजेंद्र सिंह से उनका मुकाबला हो रहा है। इस चुनाव क्षेत्र में कुल 11 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

नगीना

नगीना लोकसभा क्षेत्र में काफी दिलचस्प मुकाबला हो रहा है। यहां चतुष्कोणीय मुकाबले की तस्वीर उभर रही है। इस चुनाव क्षेत्र में भाजपा के ओम कुमार,सपा के मनोज कुमार, बसपा के सुरेंद्र पाल सिंह और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर के बीच मुकाबला हो रहा है। इस चुनाव क्षेत्र में कुल छह प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।

मुरादाबाद

मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में सपा ने रुचि वीरा, भाजपा ने सर्वेश सिंह और बहुजन समाज पार्टी ने इरफान सैनी को मैदान में उतारा है। यहां रुचि वीरा और सर्वेश सिंह के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। यदि इरफान सैनी मुस्लिम वोटों में सेंध लगाने में कामयाब रहे तो रुचि वीरा की सियासी राह मुश्किल हो सकती है। इस चुनाव क्षेत्र में एसटी हसन का टिकट काटे जाने से मुसलमानों में सपा के प्रति नाराजगी दिख रही है।

पीलीभीत

पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने वरुण गांधी का टिकट काटकर जितिन प्रसाद को मैदान में उतारा है। सपा के भगवत शरण गंगवार उन्हें कड़ी चुनौती दे रहे हैं। बसपा के अनीश बाबू खान भी अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि जितिन प्रसाद वरुण गांधी के बाद इस सीट को भाजपा की झोली में डाल पाते हैं या नहीं। टिकट काटे जाने के बाद वरुण गांधी एक बार भी भाजपा प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने के लिए पीलीभीत नहीं पहुंचे।

रामपुर

सपा के कद्दावर नेता मोहम्मद आजम खान का गढ़ माने जाने वाले रामपुर लोकसभा क्षेत्र में सपा ने इस बार मोहिबुल्लाह नदवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। पिछले उपचुनाव में इस सीट पर जीत हासिल करने वाले घनश्याम लोधी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। बसपा ने इस सीट पर जीशान खान को टिकट दिया है। इस लोकसभा क्षेत्र में सपा और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है मगर आजम खेमे की नाराजगी सपा के लिए भारी पड़ सकती है।

Tags:    

Similar News