Lok Sabha Election: सपा के पूर्व विधायक ने थामा कांग्रेस का दामन, प्रयागराज से मिल सकता है टिकट

Lok Sabha Election 2024: प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पूर्व उज्ज्वल रमण सिंह अब कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इससे पार्टी को ताकत मिलेगी।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-04-02 09:48 GMT

Ujjwal Raman Singh joins Congress  (photo: Newstrack.com)

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक उज्ज्वल रमण सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। जानकारी के अनुसार पार्टी उन्हें प्रयागराज से लोकसभा का उम्मीदवार बना सकती है। इंडिया गठबंधन के तहत प्रयागराज लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। पूर्व विधायक का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहा है।

सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय राय और लोकसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय की मौजूदगी में पूर्व विधायक उज्ज्वल रमण सिंह ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है। रामपुर खास से कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना भी यहां मौजूद रहीं। प्रदेश अध्यक्ष और यूपी प्रभारी ने सपा नेता को कांग्रेस पार्टी की पट्टी पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। पूर्व विधायक ने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। राजनीतिक गलियारों में खबर है कि कांग्रेस उज्ज्वल रमण सिंह को प्रयागराज लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है।


लोकतंत्र बचाने के लिए हुए एकजुट

कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि लोगों को दिख रहा है कि देश का संविधान खतरे में है। लोकतंत्र पर भी लोगों को खतरा दिखाई दे रहा है। इंडिया गठबंधन के जरिए देश के नेताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र को बचाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में भाजपा को शिकस्त देने के लिए हम एकजुट हुए हैं। भाजपा की नीतियों और विचारधारा के खिलाफ हम मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे।


प्रयागराज से लड़ सकते हैं चुनाव

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पूर्व उज्ज्वल रमण सिंह अब कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इससे पार्टी को ताकत मिलेगी। आगामी चुनावों में हम बड़ी जीत हासिल करेंगे। जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी के टिकट पर उज्ज्वल रमण सिंह पहली बार साल 2004 में प्रयागराज की करछना सीट से विधायक चुने गए। इससे पहले उनके पिता रेवती रमण सिंह इस सीट से विधायक रहे। लोकसभा टिकट मिलने की वजह से उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी। 2017 में वह दोबारा विधायक चुने गए। मुलायम सिंह यादव सरकार में उन्होंने पर्यावरण मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। अब प्रयागराज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता के मौके पर प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, यूपी कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी, सचिन रावत, आर्यन मिश्रा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News