Lok Sabha Election 2024: BJP उम्मीदवार लल्लू सिंह ने कहा- ‘सरकार बनाने के लिए बदलना होगा संविधान...’

Lok Sabha Election 2024: फैजाबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह ने कहा, ‘सरकार बनाने के लिए नियम बदलना होगा और संविधान भी बदलना होगा।’

Written By :  Seema Pal
Update:2024-04-14 16:37 IST

अयोध्या- फैजाबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह : Pic - Social Media 

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आज बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर फैजाबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह ने संविधान पर विवादित बयान दे दिया। इस बयान के बाद से ही बीजेपी प्रत्याशी लल्लू सिंह चर्चा में आ गए। अपने बयान में लल्लू सिंह ने सरकार चलाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के संविधान को बदलने की बात कह डाली।

‘सरकार बनाने के लिए बदलना होगा संविधान’

दरअसल, रविवार को अयोध्या में फैजाबाद लोकसभा से बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र के एक गांव में सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आज बाबा भीमराव अंबेडकर के जन्म दिवस पर उनके द्वारा बनाए गए संविधान पर विवादित टिप्पणी कर दी। लल्लू सिंह ने कहा, ‘सरकार बनाने के लिए 272 सांसद की जरूरत होती है। लेकिन संविधान संशोधन या संविधान बदलने के लिए दो तिहाई बहुमत मांगा जाता है। यह नियम बदलना होगा और संविधान भी बदलना होगा।’

कांग्रेस नेता ने की भाजपा की निंदा

देश में सरकार निर्मित करने के लिए संविधान बदलने वाले बयान के बाद भाजपा के फैजाबाद लोकसभा उम्मीदवार लल्लू सिंह सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। संविधान पर विवादित बयान को लेकर विपक्ष भाजपा पर हावी हो गया है। लल्लू सिंह के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सियासी हमला किया। लल्लू सिंह ने कहा कि आज बाबा साहेब अंबेडकर की पुण्य जयंती है। आज के दिन भाजपा के वर्तमान सांसद लल्लू सिंह खुलेआम कह रहे हैं कि 400 सीटें जीतने के लिए संविधान बदलना होगा।

पीएम मोदी ने कहा था नहीं बदलेगा संविधान

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अब खुद अंबेडकर जी भी भारतीय संविधान को नहीं बदल सकते। वहीं अब दो दिन बाद ही भाजपा नेता लल्लू सिंह ने संविधान बदलने की बात कह दी। इससे विपक्षियों को बीजेपी के खिलाफ बोलने का एक और मुद्दा मिल गया है। अब विपक्ष बीजेपी पर हमलावर हो रहा है।

पहले भी हुआ है संविधान पर हमला

हालांकि यह पहली बार नही है, जब किसी भाजपा नेता ने संविधान बदलने का बयान दिया है। इससे पहले भी भाजपा नेताओं की ओर से संविधान में कमियां निकाली जाती रहीं हैं। पूर्व में बीजेपी सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने भी संविधान में बदलाव करने की बात कही थी। इसके बाद भाजपा नेता ज्योति मिर्धा ने भी संविधान बदलने का बयान दिया था।

Tags:    

Similar News