Lok Sabha Election: कई अहम सीटों पर आज पत्ते खोलेगी कांग्रेस, दिल्ली और मंडी में इन चेहरों को मिल सकता है मौका

Lok Sabha Election: कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कन्हैया कुमार को इस बार भी बिहार से ही चुनाव लड़ने का इच्छुक था मगर बेगूसराय लोकसभा सीट वाम दलों के खाते में चली गई है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-13 07:00 GMT

Congress Lok Sabha Election  (PHOTO: social media )

Congress List: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की आज होने वाली महत्वपूर्ण बैठक पर सबकी निगाहें लगी हुई हैं। इस बैठक के दौरान पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली की लोकसभा सीटों को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाए जाने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश की हॉट सीट मंडी में कंगना रनौत के खिलाफ विक्रमादित्य सिंह को मौका दिया जा सकता है जबकि रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा और जालंधर से पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को उतारने की याद तैयारी है।

दिल्ली की तीन लोकसभा सीटों पर भी कांग्रेस आज अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है। माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से उत्तर पूर्व दिल्ली क्षेत्र से जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार, चांदनी चौक क्षेत्र से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित व उत्तर-पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से पूर्व सांसद उदित राज को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।

कंगना से भिड़ेंगे विक्रमादित्य सिंह

कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को ही कई उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया जाना था मगर पार्टी के कई महत्वपूर्ण नेताओं के चुनाव प्रचार के सिलसिले में दिल्ली से बाहर होने के कारण यह ऐलान नहीं किया जा सका। राजधानी दिल्ली में आज केंद्रीय चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है और इस बैठक के दौरान महत्वपूर्ण सीटों को लेकर फैसला लिए जाने की उम्मीद है।

हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा क्षेत्र में बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के खिलाफ राज्य के मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह के नाम का ऐलान किया जा सकता है। विक्रमादित्य सिंह की मां और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है और ऐसे में विक्रमादित्य सिंह का नाम तय माना जा रहा है। उन्होंने भी हाईकमान के कहने पर चुनाव लड़ने की बात कही है।

हुड्डा और चन्नी को भी लड़ाएगी कांग्रेस

हरियाणा में रोहतक लोकसभा क्षेत्र पर हुड्डा फैमिली की मजबूत पकड़ मानी जाती है और इस सीट से एक बार फिर दीपेंद्र हुड्डा को मौका मिल सकता है। सिरसा सीट से पार्टी की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा का नाम तय माना जा रहा है। पंजाब की जालंधर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पटियाला से धर्मवीर गांधी को टिकट देने की तैयारी है।

कन्हैया कुमार को उतारने की तैयारी

आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस को दिल्ली में तीन लोकसभा सीटें मिली हैं मगर पार्टी ने अभी तक इन सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। आप ने करीब एक महीना पहले ही अपने चारों उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी थी और माना जा रहा है कि कांग्रेस भी आज तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है।

जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार ने पिछला लोकसभा चुनाव बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से हुआ था मगर 2019 में कन्हैया कुमार को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व कन्हैया कुमार को इस बार भी बिहार से ही चुनाव लड़ने का इच्छुक था मगर बेगूसराय लोकसभा सीट वाम दलों के खाते में चली गई है।

कांग्रेस नेता इस संबंध में राजद को मनाने में कामयाब नहीं हो सके और इस कारण बिहार से कन्हैया कुमार की उम्मीदवारी तय नहीं हो सकी। अब कांग्रेस कन्हैया कुमार को उत्तर पूर्व दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में जुटी हुई है।

मनोज तिवारी से होगा मुकाबला

भाजपा ने इस सीट पर चर्चित गायक मनोज तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है। मनोज तिवारी इस सीट पर पिछले दो लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस उनके खिलाफ दमदार नेता के रूप में कन्हैया कुमार को उतारना चाहती है। कन्हैया कुमार को पूर्वांचल ही नहीं बल्कि दिल्ली के लोग भी अच्छी तरह जानते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वे इस सीट पर मनोज तिवारी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि चांदनी चौक क्षेत्र से पूर्व सांसद संदीप दीक्षित व उत्तर-पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से पूर्व सांसद उदित राज को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि कांग्रेस के एक गुट की ओर से इन नामों का विरोध भी किया जा रहा है। 

Tags:    

Similar News