Lok Sabha Election 2024: मोदी के ये मंत्री भी मैदान में, जानिए कहां-किसे और कौन दे रहा चुनौती?

Lok Sabha Election 2024 phase 4 voting: 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 96 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-05-13 05:33 GMT

अजय टेनी, नित्यानंद राय , गिरिराज किशोर  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024 phase 4 voting: 2024 के लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान सोमवार यानी 13 मई शुरू हो गया है। इस चरण में 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 96 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों पर कुल 1717 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें कई केंद्रीय मंत्रियों की सीटें भी शामिल हैं।

आइये जानते हैं कि किस सीट से कौन केंद्रीय मंत्री इस चरण में मैदान में हैं और उनका किससे मुकाबला है।

गिरिराज सिंह

बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह चुनावी मैदान में हैं। ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री गिरिराज के सामने इस बार भाकपा के अवधेश कुमार राय हैं। 2019 में बेगूसराय सीट पर भाजपा के गिरिराज सिंह ने भाकपा के कन्हैया कुमार को हराया था। उस चुनाव में यहां 64.1 प्रतिशत मतदान हुआ था।


अजय मिश्र टेनी

उत्तर प्रदेश की खीरी लोकसभा सीट भी चर्चा में है। यहां से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी भाजपा के टिकट पर फिर से मैदान में हैं। तिकुनिया कांड में किसानों की मौत मामले में उनके बेटे आशीष मिश्र का नाम आया था। वहीं सपा ने पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा और बसपा ने पंजाबी समाज के अक्षय कालरा को चुनावी मैदान में उतारा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में खीरी सीट पर भाजपा के अजय मिश्र ने जीत हासिल की थी। 2019 के चुनाव में यहां 66.2 प्रतिशत मतदान हुआ था।


नित्यानंद राय

मसालों के उत्पादन के लिए मशहूर बिहार के उजियारपुर लोकसभा सीट से नित्यानंद राय भाजपा के उम्मीदवार हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहे नित्यानंद मोदी सरकार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हैं। उनके सामने राजद नेता और पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता हैं। 2019 में उजियारपुर सीट पर भाजपा के टिकट पर नित्यानंद राय ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में यहां 61.9 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।


जी. किशन रेड्डी

तेलंगाना की चर्चित सीट सिकंदराबाद से जी. किशन रेड्डी चुनावी मैदान में हैं। रेड्डी केंद्र सरकार में संस्कृति, पर्यटन और विकास मंत्री के साथ-साथ तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। जी. किशन रेड्डी के सामने कांग्रेस ने दानम नागेंद्र और बीआरएस ने टी. पद्म राव को मैदान में उतारा है। 2019 में सिकंदराबाद सीट पर भाजपा के जी. किशन रेड्डी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां 48.9 प्रतिशत मतदान हुआ था।


रावसाहेब दादाराव दानवे

चौथे चरण के चुनाव में जो मंत्री चुनावी मैदान में हैं उनमें रावसाहेब दादाराव दानवे भी शामिल हैं। केंद्रीय रेलवे, कोयला और खान राज्य मंत्री दानवे महाराष्ट्र की जालना लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। उनके सामने कल्याण काले कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। 2019 में जालना सीट पर भाजपा के रावसाहेब दादाराव दानवे ने जीत हासिल की थी। उस चुनाव में यहां 69.3 प्रतिशत मतदान हुआ था।



Tags:    

Similar News