UP Politics: 'पूर्वांचल से मोदी सरकार का पतन निश्चित..BJP बीफ व्यापारियों से भी लेती है चंदा', अफजाल अंसारी का प्रहार

UP Lok Sabha Elections 2024: सपा कैंडिडेट अफजाल अंसारी ने कहा, 'हमें जनता पर भरोसा है। जनता ही सब कुछ तय करती है। हमारे सामने भाजपा प्रत्याशियों की नींद हराम हो जाती है।'

Written By :  aman
Update: 2024-03-23 11:11 GMT

अफजाल अंसारी (Social Media) 

UP Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों को अपने पाले में लाने के लिए 'जंग' तेज है। राजनीतिक दल गुना-गणित के साथ जुबानी जंग भी तेज किए हैं। यूपी के पूर्वांचल में चुनावी लड़ाई हमेशा से दिलचस्प रही है। इस क्षेत्र में कई हॉट सीटें हैं। इन्हीं में से एक है गाजीपुर लोकसभा सीट (Ghazipur Lok Sabha Election 2024)। वर्तमान में गाजीपुर सीट से इंडिया एलायंस ने समाजवादी पार्टी के सिंबल पर बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी (Afzal Ansari) को चुनावी रण में उतारा है।

साल 2014 लोकसभा चुनाव में जब देश में 'मोदी लहर' थी। उस चुनाव में बीजेपी के डॉ. मनोज सिन्हा (Dr. Manoj Sinha) ने जीत हासिल की थी। फिर, 2019 में बहुजन समाज पार्टी के सिंबल पर अफजाल अंसारी यहां से चुनाव जीते थे। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी के रूप में अफजाल अंसारी को टिकट दिया है। खबरिया चैनल ABP से बातचीत में अफजाल ने जनता का मूड बताया।

अफजाल- जनता ने अपना मन बना लिया है

समाजवादी पार्टी कैंडिडेट अफजाल अंसारी ने विशेष बातचीत में कहा, '2024 लोकसभा चुनाव के लिए जनता ने अपना मन बना लिया है। इस बार पूरे पूर्वांचल से मोदी सरकार का पतन निश्चित है। उन्होंने कहा, बीजेपी ने जिस तरह सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया है, आज दुनिया देख रही है।'

'बीजेपी ने पाकिस्तानी कंपनियों से भी चंदा लिया'

अफजाल अंसारी ने आगे कहा, 'भाजपा वालों ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर एजेंसियों की मदद से चंदा लिया। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात ये है कि बीफ व्यापार करने वाली कंपनी और पाकिस्तानी कंपनियों से भी बीजेपी वालों ने चंदा लिया। इसके लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। अफजाल ने कहा, देश अब इनकी नियत समझ चुका है।'

'हमारे सामने बीजेपी प्रत्याशियों की नींद हराम..'

अफज़ाल अंसारी से जब ये पूछा गया कि, आगामी चुनाव के मद्देनजर गाजीपुर में कितना चुनौतीपूर्ण मुकाबला है? इसके जवाब में अफजाल अंसारी ने कहा, 'हम जनता पर भरोसा करने वाले लोग हैं। जनता ही सब तय करती है। उन्होंने कहा, हकीकत ये है कि हमारे सामने बीजेपी प्रत्याशियों की नींद हराम हो जाती है। प्रत्याशी कांपने लगते हैं।'

अफ़ज़ाल ने खुद को बताया 'बाली' जैसा योद्धा

विशेष बातचीत में अफ़ज़ाल अंसारी ने खुद को 'बाली' जैसा योद्धा बताया। उन्होंने कहा, 'हमारे सामने आते ही बीजेपी प्रत्याशियों की आधी शक्ति मुझे मिल जाती है। भाजपा वालों के यूपी में सभी 80 सीटें जीतने वाले दावे पूरी तरह खोखले हैं। वह अभी तक 80 कैंडिडेट के नाम तक सामने नहीं ला पाए हैं।'

गौरतलब है कि, भारतीय जनता पार्टी (BJP) बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने गाजीपुर लोकसभा सीट से अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान नहीं किया है। लेकिन, समाजवादी पार्टी प्रत्याशी अफजाल अंसारी की यह चुनौती इन दलों के खेमे में खलबली मचा सकती है। 

Tags:    

Similar News