Lok Sabha Election 2024: दूसरे चरण में मोदी के छह मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर, जानिए कहां-किसे-कौन दे रहा चुनौती?

Lok Sabha Election 2024: 2024 के लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 88 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-04-26 04:50 GMT

Gajendra Singh Shekhawat and Om Birla  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग 26 अप्रैल यानी शुक्रवार को शुरू हो गई है। इस चरण में मणिपुर समेत 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों पर कुल 1202 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

केंद्र सरकार के छह मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। इन मंत्रियों में गजेंद्र सिंह शेखावत, वीरेंद्र खटीक, कैलाश चौधरी, राजीव चंद्रशेखर, शोभा करंदलाजे और वी. मुरलीधरन शामिल हैं।

यहां आइए जानते हैं इन सभी केंद्रीय मंत्रियों की सीटों के बारे में?

गजेंद्र सिंह शेखावत

गजेंद्र सिंह शेखावत वर्तमान के मोदी सरकार में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री हैं। वे अपनी परंपरागत राजस्थान के जोधपुर सीट से एक बार फिर मैदान में हैं। वे यहां से लगातार दो बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2019 में उन्होंने इस सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत को हराया था। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के करण सिंह से है। 2019 में लोकसभा सीट पर 68.89प्रतिशत मतदान हुआ था।


कैलाश चौधरी

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी एक बार फिर राजस्थान के बाड़मेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी 2019 में यहां से जीत कर लोकसभा पहुंचे थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल और निर्दलीय चुनाव लड़ रहे शियो विधानसभा सीट से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी से है। 2019 में बाड़मेर सीट पर 73.30 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2019 में बाड़मेर सीट पर कैलाश चौधरी ने पूर्व वित्त मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार मानवेंद्र सिंह को हराया था।


वीरेंद्र खटीक

केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटीक मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। 2019 में वे यहां से भाजपा के टिकट पर जीते थे। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के पंकज अहिरवार से है। पिछले लोकसभा चुनाव में टीकमगढ़ सीट पर 66.62 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला था।


राजीव चंद्रशेखर

मोदी सरकार में इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। राजीव कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद रह चुके हैं। 2019 में तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर जीते थे। उनके सामने इस बार कांग्रेस से शशि थरूर और भाकपा से पन्नियन रवींद्रन हैं। पिछले चुनाव में तिरुवनंतपुरम सीट पर 73.74 प्रतिशत लोगों ने वोटिंग की थी।


शोभा करंदलाजे

केंद्र की मोदी सरकार में कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे कर्नाटक की बंगलूरू उत्तर सीट से चुनाव मैदान में हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में शोभा भाजपा के टिकट पर उडुपी चिकमंगलूर सीट से जीती थीं। वहीं बंगलूरू उत्तर सीट से भाजपा के डीवी सदानंद गौड़ा जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। 2024 के चुनाव में शोभा का मुकाबला कांग्रेस के प्रो. एमवी राजीव गौड़ा से है। 2019 में बंगलूरू उत्तर सीट पर 54.76 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था।


वी. मुरलीधरन

केद्र की मोदी सरकार में विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन आटिंगल सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं। मुरलीधरन महाराष्ट्र से राज्यसभा के सांसद रहे हैं। 2019 में आटिंगल से कांग्रेस के अदूर प्रकाश चुनाव जीते थे। इस बार मुरलीधरन के सामने कांग्रेस से अदूर प्रकाश और माकपा से वी. जॉय हैं। 2019 में आटिंगल सीट पर 74.48 प्रतिशत मतदान हुआ था।


लोकसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भी मैदान में

केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी दूसरे चरण में चुनावी मैदान में हैं। बिड़ला राजस्थान के कोटा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2019 में उन्हें यहां से जीत मिली थी। वहीं छत्तसीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इसी चरण में मैदान में हैं। बघेल राजनांदगांव सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। 2019 में यहां से भाजपा के संतोष पांडे जीते थे। भाजपा ने इस बार भी संतोष पांडे को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Tags:    

Similar News