Lok Sabha Election 2024: अखिलेश यहां से देंगे इस्तीफा! इस सीट पर फिर होगा चुनाव

Lok Sabha Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 37 सीटें जीतने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव इस्तीफा दे सकते हैं।

Update: 2024-06-07 10:04 GMT

Social- Media- Photo

Lok Sabha Election 2024: समाजवादी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी को यूपी में 37 सीटें मिली हैं। इस जीत से पार्टी हाईकमान काफी उत्साहित हैं। समाजवादी पार्टी को इससे पहले इतनी सीटें यूपी से लोकसभा में कभी नहीं आई थीं जितनी की इस बार आई हैं। ऐसे में पार्टी नेता कयास लगा रहे हैं कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल विधानसभा सीट छोड़ सकते हैं। वहीं माना जा रहा है कि कुछ नेताओं ने तो चुनाव लड़ने के लिए तैयारी भी शुरू कर दी है। हालांकि इस संबंध में अभी तक पार्टी हाईकमान ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मौनपुरी के करहल विधानसभा सीट से पार्टी के विधायक हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में वे कन्नौज लोकसभा सीट से सांसद चुने गए हैं। अखिलेश की जीत के साथ ही समाजवादी पार्टी ने इस बार लोकसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है। सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई है। लोकसभा में पार्टी के आए इन परिणामों से पार्टी हाईकमान भी काफी उत्साहित है। वहीं संसद में सपा सांसदों की संख्या अधिक होने के कारण पार्टी नेता कयास लगा रहे हैं कि अखिलेश यादव अब दिल्ली की राजनीति करें। वह लोकसभा में पार्टी सांसदों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन्हीं कयासों के बल पर पार्टी नेता यह संभावना जता रहे हैं कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो करहल विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय है। अब यहां से कौन चुनाव लड़ेगा यह तो पार्टी की तय करेगी। लेकिन माना जा रहा है तेज प्रताप यादव यहां से चुनाव लड़ सकते हैं।


आजमगढ़ सीट से दिया था इस्तीफा

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव ने आजमगढ़ लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर संसद पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने प्रदेश में 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ा और जीत कर विधानसभा पहुंचे। संसद में सपा सांसदों की संख्या काफी कम होने के चलते उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर रहते हुए विधायकों का नेतृत्व कर रहे थे।


करहल सीट से ये हो सकते हैं दावेदार

अखिलेश यादव अगर करहल सीट से इस्तीफा देते हैं तो ऐसी स्थिति में यहां सपा की ओर से कई दावेदार हो सकते हैं। सैफई परिवार से अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव और अक्षय यादव लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं। ऐसे में पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, पूर्व विधायक सोवरन सिंह यादव दावेदार हो सकते हैं।


राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे निर्णय

मैनपुरी जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने बताया कि इस संबंध में जो भी निर्णय लिया जाएगा वह राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा। फिलहाल जिला कार्यकारिणी को इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है, जो भी निर्णय लिया जाएगा पार्टी के पदाधिकारी उसका स्वागत करेंगे।

Tags:    

Similar News