Lok Sabha Elections 2024: प्रयागराज में 1984 के बाद से नहीं जीती कांग्रेस, आखिरी बार 'महानायक' बने थे सांसद

Lok Sabha Elections 2024: प्रयागराज लोकसभा सीट से पिछले 35 सालों में कोई भी कांग्रेस उम्मीदवार जीत नहीं दर्ज कर सका। 1984 के लोकसभा चुनावों में इस सीट से सदी के अमिताभ बच्चन सांसद चुने गए थे।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-03-04 07:03 GMT

Amitabh Bachchan  (photo: social media ) 

Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के तहत प्रयागराज लोकसभा सीट कांग्रेस पार्टी के खाते में गई है। प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन फॉर्मूला तय हो चुका है। प्रयागराज लोकसभा सीट के साथ पार्टी प्रदेश की 16 अन्य सीटों पर भी चुनाव लडेगी। लोकसभा क्षेत्र के कई दिग्गजों पर कांग्रेस दांव आजमा सकती है। भाजपा की ओर से नंद गोपाल नंदी चुनाव लड़ सकते हैं।

इन नामों पर हो रही चर्चा

कांग्रेस पार्टी इस लोकसभा सीट से सांसद रहे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री या प्रपौत्र आदर्श शास्त्री पर दांव आजमा सकती है। हाल ही में प्रयागराज पहुंची राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दोनों नेता शामिल हुए थे। कांग्रेस सूत्रों की माने तो पार्टी इस सीट से इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता और प्रियंका गांधी के करीबी विवेकानंद पाठक को भी टिकट दे सकती है। पूर्व सांसद सलीम शेरवानी, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. सत्या पांडेय भी टिकट की रेस में शामिल हैं। बीते दिनों कांग्रेस के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने पोस्टर के जरिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को इस सीट से चुनाव लड़ाने की मांग की थी।

ढाई लाख ब्राह्मण और दलित वोटर

इस सीट के जातिगत समीकरण की बात करें तो यह सीट ब्राह्मण और दलित बाहुल्य है। प्रयागराज लोकसभा सीट पर करीब दो लाख पचास हजार ब्राह्मण वोटर हैं। लगभग इतने ही दलित वोटर इस लोकसभा क्षेत्र में हैं। यह दोनों जातियां इस लोकसभा सीट से किसी दल की हार या जीत को तय करेंगी। यहां 55 हजार क्षत्रिय वोटर हैं। प्रयागराज लोकसभा सीट पर 1 लाख 30 हजार वैश्य, एक लाख 25 हजार निषाद मतदाता हैं। साथ ही एक लाख विश्वकर्मा, प्रजापति और कौल जाति के वोटर हैं। यहां करीब 80 हजार मौर्य, कुशवाहा और चालीस हजार पाल वोटर हैं।

महज तीन प्रतिशत वोट शेयर रहा

2019 लोकसभा चुनावों ने प्रयागराज सीट से कांग्रेस ने योगेश शुक्ला को चुनाव लड़ाया था। उन्हें चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा की उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी 55 प्रतिशत से अधिक वोट पाकर इस सीट से सांसद चुनी गईं। दूसरे स्थान पर समाजवादी पार्टी के राजेंद्र सिंह पटेल रहे। उन्हें लगभग 35 प्रतिशत वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार योगेश शुक्ला को महज 3.59 प्रतिशत वोट ही मिले।

1984 से नहीं जीती कांग्रेस

प्रयागराज लोकसभा सीट से पिछले 35 सालों में कोई भी कांग्रेस उम्मीदवार जीत नहीं दर्ज कर सका है। 1984 के लोकसभा चुनावों में इस सीट से सदी के 'महानायक' अमिताभ बच्चन सांसद चुने गए थे। कांग्रेस पार्टी ने अमिताभ बच्चन को टिकट दिया था। उसके बाद आज तक कोई भी कांग्रेस उम्मीदवार यहां से सांसद नहीं चुना गया।

Tags:    

Similar News