Lok Sabha Election 2024: छठे चरण में आज 58 सीटों पर मतदान, UP के 14 क्षेत्र शामिल, इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

Lok Sabha Election 2024: छठे चरण के मतदान में मेनका गांधी और मनोज तिवारी समेत कई और दिग्गज प्रत्याशियों के चुनाव क्षेत्र में भी कल ही वोट डाले जाएंगे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-05-24 14:49 GMT

छठे चरण में कल 58 सीटों पर मतदान, UP के 14 क्षेत्र शामिल, इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला: Photo- Social Media

Lok Sabha Election 2024: पांच चरणों का मतदान समाप्त होने के बाद अब सबकी निगाहें कल होने वाले छठे चरण के मतदान पर लगी हुई हैं। छठे चरण में देश के सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 58 लोकसभा सीटों पर कल वोट डाले जाएंगे। इन सभी लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी शोर गुरुवार की शाम को ही थम चुका है। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में मतदान होना था मगर इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यहां पर भी कल छठे चरण में मतदान होगा।

छठे चरण के मतदान में तीन केंद्रीय मंत्रियों और तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है। इनके अलावा मेनका गांधी और मनोज तिवारी समेत कई और दिग्गज प्रत्याशियों के चुनाव क्षेत्र में भी कल ही वोट डाले जाएंगे। छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों के साथ ही बलरामपुर जिले की गैसंडी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए भी मतदान होगा।

इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को हरियाणा की सभी 10 और दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। छठे चरण में तीन केंद्रीय मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान, कृष्ण पाल सिंह गुर्जर और राव इंद्रजीत सिंह की किस्मत का फैसला होगा। इनके अलावा तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के चुनाव क्षेत्र में भी कल वोट डाले जाएंगे। इन पूर्व मुख्यमंत्रियों में हरियाणा के मनोहर लाल खट्टर, जम्मू कश्मीर की महबूबा मुफ्ती और उत्तर प्रदेश के जगदंबिका पाल शामिल हैं।

कई और दिग्गज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कल के मतदान में होने वाला है। इन प्रत्याशियों में भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी, कन्हैया कुमार, बांसुरी स्वराज, बॉलीवुड अभिनेता राजबब्बर और दिनेश लाल यादव निरहुआ भी शामिल हैं।

मनोज तिवारी और कन्हैया कुमार के बीच उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर कड़ा मुकाबला हो रहा है जबकि निरहुआ आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सपा के धर्मेंद्र यादव को चुनौती दे रहे हैं। नवीन जिंदल इस बार भाजपा का टिकट पर कुरुक्षेत्र सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं और उनकी सीट पर भी कल ही मतदान होना है।

यूपी की इन 14 सीटों पर होगा मतदान

उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों और बलरामपुर जिले की गैसंडी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी कल मतदान होने वाला है। उत्तर प्रदेश में जिन लोकसभा सीटों पर कल वोटिंग होने वाली है, उनमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज (सुरक्षित), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (सुरक्षित) और भदोही सीटें शामिल हैं। इनमें से 12 सीटें सामान्य श्रेणी की और दो सीटें सुरक्षित हैं।

उत्तर प्रदेश की इन 14 लोकसभा सीटों पर 162 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं और इनमें 146 पुरुष प्रत्याशी और 16 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में जिन दिग्गजों की किस्मत का कल फैसला होने वाला है, उनमें मेनका गांधी, धर्मेंद्र यादव, जगदंबिका पाल, दिनेश लाल यादव निरहुआ, बाबू सिंह कुशवाहा, कृपाशंकर सिंह, रितेश पांडे, साकेत मिश्रा और लालजी वर्मा शामिल हैं। मेनका गांधी की उम्मीदवारी के कारण सुल्तानपुर सीट काफी चर्चाओं में है जबकि सांसद जगदंबिका पाल एक बार फिर डुमरियागंज से चुनाव मैदान में उतरे हैं।

पिछले चुनाव में भाजपा का शानदार प्रदर्शन

शनिवार को जिन 58 लोकसभा सीटों पर मतदान होने वाला है,उन सीटों पर 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। भाजपा इनमें से 40 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। बसपा और बीजू जनता दल ने चार-चार,जदयू ने तीन, टीएमसी ने तीन और लोजपा व आजसू ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस और आप इन सीटों पर अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं।

छठे चरण में नवीन जिंदल सबसे अमीर प्रत्याशी

छठे चरण की 58 सीटों पर कुल 889 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं और इनमें 797 पुरुष और 82 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। छठे चरण के सबसे अमीर प्रत्याशी नवीन जिंदल हैं जिनके पास कुल 1241 करोड़ की संपत्ति है। जिंदल कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। लोकसभा की 543 से सीटों में से 429 सीटों पर पांचवें चरण तक मतदान पूरा हो गया था। कल छठे चरण के मतदान के साथ 487 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। अब इसके बाद सातवें और आखिरी चरण में 1 जून को देश की बाकी बची 56 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

दिल्ली और हरियाणा में आप-कांग्रेस का गठबंधन

दिल्ली और हरियाणा के लोकसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन किया है। दिल्ली में चार लोकसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं जबकि तीन सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा को चुनौती दे रहे हैं। हरियाणा में आप और कांग्रेस के गठबंधन में कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर आप ने भाजपा के नवीन जिंदल के खिलाफ सुशील गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा है।

हरियाणा में भाजपा और जननायक जनता पार्टी के बीच गठबंधन था मगर लोकसभा चुनाव से पहले सीटों को लेकर यह गठबंधन टूट गया था। भाजपा ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं और पार्टी ने 2019 की तरह इस बार भी सभी सीटों पर जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाई है।

Tags:    

Similar News