Loksabha Chunav 2024: कौन हैं नीरज त्रिपाठी, बोले- ‘पिताजी की विरासत में मिली इलाहाबाद सीट’

Prayagraj Loksabha Chunav 2024: नीरज त्रिपाठी के परिवार का प्रयागराज सीट से पुराना नाता है। इनके पिता केशरी नाथ त्रिपाठी प्रयागराज से विधायक थे।

Written By :  Seema Pal
Update: 2024-04-11 04:01 GMT

बीजेपी प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी (Pic: Social Media)

Loksabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस बार कई नेताओं का टिकट काटा है। अब इस श्रेणी में प्रयागराज मौजूदा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का भी नाम शामिल हो गया है। बुधवार को भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। जिसमें भाजपा ने रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काट दिया है। अब प्रयागराज सीट से भाजपा ने नया चेहरा मैदान में उतारा है। इस सीट से नीरज त्रिपाठी को टिकट मिला है।

अब कौन हैं नीरज त्रिपाठी

प्रयागराज सीट से भाजपा का टिकट मिलने के बाद से ही हर कोई ये जानना चाहता है कि नीरज त्रिपाठी कौन हैं और भाजपा ने इस नए चेहरे को क्यों चुना। भले ही नीरज त्रिपाठी का राजनीति से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा है, लेकिन उनका परिवार राजनीति का हिस्सा लंबे समय से है। नीरज त्रिपाठी वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे स्व. केशरी नाथ त्रिपाठी के बेटे हैं। स्वयं नीरज त्रिपाठी वर्तमान में इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपर महाधिवक्ता हैं। नीरज त्रिपाठी की पत्नी कविता त्रिपाठी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री हैं। हालांकि कविता त्रिपाठी साल 2022 में प्रयागराज उत्तरी से टिकट की दावेदार थीं, लेकिन भाजपा ने इनका टिकट भी काट दिया। 


इलाहाबाद सीट से है पुराना नाता

नीरज त्रिपाठी के परिवार का प्रयागराज सीट से पुराना नाता है। इनके पिता केशरी नाथ त्रिपाठी प्रयागराज से विधायक थे। केशरी नाथ त्रिपाठी की कार्य निष्ठा के चलते ही लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने उनके बेटे पर दांव लगाया है। नीरज त्रिपाठी का व्यक्तित्व उनके पिता केशरी नाथ जैसा ही है। नीरज भी अपने पिता की तरह पेशे से वकील हैं। भाजपा ने नीरज त्रिपाठी को टिकट इसलिए भी दिया क्योंकि वह राजनीति में बेदाग चेहरा हैं।

पिता जी की विरासत में मिला टिकट

इलाहाबाद की ससंसदीय सीट से टिकट मिलने के बाद भाजपा उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें यह टिकट पिताजी की विरासत में मिला है। पिता जी की छोड़ी हुई विरासत का सम्मान करते हुए अब इसे आगे बढ़ाना है। चुनाव में अपनी भागीदारी को लेकर उन्होंने कहा कि वो पूरी कोशिश करेंगे कि उनके पिता की छवि को कोई दाग ना लगे। इसके साथ ही नीरज त्रिपाठी ने इंडिया गठबंधन को लेकर कहा कि विपक्ष के पास काम नहीं है, उनका बस एक ही काम है - पीएम मोदी जी को गाली देना।

कांग्रेस उज्जवल रमण सिंह को देगी टिकट

भाजपा द्वारा नीरज त्रिपाठी को इलाहाबाद सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह चर्चा हो रही है कि कांग्रेस ने भी अपना प्रत्याशी चुन लिया है। प्रयागराज सीट से कांग्रेस रेवती रमन सिंह के बेटे उज्जवल रमण सिंह को उम्मीदवार घोषित कर सकती है। वहीं, विपक्ष के उज्जवल रमण सिंह के साथ मुकाबले पर नीरज त्रिपाठी ने प्रयागराज सीट से भाजपा की बड़ी जीत का एलान कर दिया है।

क्यों कटा रीती बहुगुणा जोशी का टिकट

लोकसभा चुनाव 2024 में प्रयागराज की वर्तमान सांसद रीता बहुगुणा जोशी का टिकट कटना पहले से ही तय था। भाजपा ने यह पहले ही साफ कर दिया था कि इस चुनाव में अधिक उम्र के नेताओं को टिकट नहीं देगी। इलाहाबाद सीट से नीरज त्रिपाठी को टिकट मिलने के बाद रीता बहुगुणा जोशी आज गुरुवार को नीरज त्रिपाठी से मिलने उनके घर पहुंची। रीता बहुगुणा जोशी ने उन्हें उम्मीदवार बनने की शुभकामनाएं भी दीं। 

Tags:    

Similar News