Lok Sabha Election 2024: 'मिनी मुंबई' में दिलचस्प मुकाबला

Lok Sabha Election 2024: इसी क्षेत्र में भाजपा के उज्ज्वल निकम और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है।

Written By :  Neel Mani Lal
Update: 2024-05-18 03:38 GMT

वर्षा गायकवाड़, उज्ज्वल निकम  (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में मुंबई की सीटों के लिए मुकाबले काफी रोचक हो गए हैं। खासकर निगाहें मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर लगी हैं। बांद्रा और विले पार्ले सहित कई पॉश इलाकों में फैले इस इलाके में कई मशहूर हस्तियां रहती हैं। इसी क्षेत्र में भाजपा के उज्ज्वल निकम और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी जा रही है। उज्ज्वल निकम एक नामचीन सरकारी वकील रहे हैं।

मजबूरी के प्रत्याशी

दिलचस्प बात यह है कि न तो निकम और न ही गायकवाड़ अपनी-अपनी पार्टियों की पहली पसंद थे। भाजपा ने मौजूदा सांसद पूनम महाजन को टिकट देने से इनकार कर दिया था और अपने मुंबई शहर अध्यक्ष आशीष शेलार को मैदान में उतारना चाहा लेकिन उन्होंने यह कहते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया कि वह राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश करने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में अंतिम समय में निकम को चुना गया।

जहां तक कांग्रेस की बात है, वह महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नसीम खान पर विचार कर रही थी। वह इस निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए बहुत उत्सुक भी थे। मुंबई उत्तर मध्य में लगभग 4 लाख मुस्लिम मतदाता हैं सो यह फैक्टर भी उनकी उम्मीदवारी के पक्ष में था। लेकिन गठबंधन सहयोगी उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वर्षा गायकवाड़ का नाम प्रस्तावित किया और कहा कि अकेले मुस्लिम वोट चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त नहीं होंगे। पार्टी का तर्क था कि अगर मराठी उम्मीदवार वर्षा गायकवाड़ को मैदान में उतारा जाता है तो शिवसेना (यूबीटी) कड़े मुकाबले में आसानी से अपने वोट गायकवाड़ को ट्रांसफर कर देगी। कैलकुलेशन यह है कि क्षेत्र में 4 लाख से अधिक मुस्लिम, 1 लाख ईसाई, 1 लाख दलित और काफी संख्या में मराठी और गैर-मराठी मतदाता हैं। पिछले दो चुनाव में भाजपा ने शिवसेना के समर्थन के कारण जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार समीकरण अलग है सो उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक गायकवाड़ खुद मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से लड़ने की उम्मीद नहीं कर रही थीं। उनकी पहली पसंद मुंबई साउथ सेंट्रल थी, जो उनके दिवंगत पिता एकनाथ गायकवाड़ का निर्वाचन क्षेत्र था। लेकिन उद्धव ठाकरे ने मुंबई साउथ सेंट्रल सीट के लिए अपनी पार्टी के उम्मीदवार अनिल देसाई को आगे बढ़ा दिया।

हाई प्रोफाइल वकील

उज्ज्वल निकम एक प्रसिद्ध वकील हैं, जिन्होंने 26/11 मुंबई आतंकवादी मामला, 1993 बॉम्बे बम विस्फोट मामला, गुलशन कुमार मामला और प्रमोद महाजन हत्या मामला सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में पैरवी की है। भाजपा को उम्मीद है कि मोदी फैक्टर के अलावा उनकी लोकप्रियता से मदद मिलेगी।

जीत के लिए भाजपा को बड़ी संख्या में मराठी वोट हासिल करने होंगे। 2009 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रिया दत्त ने मुंबई उत्तर मध्य सीट पर भाजपा के प्रत्याशी वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी को लगभग 1,75,000 वोटों से हराया था। सो रणनीति के तहत भाजपा मनसे प्रमुख राज ठाकरे की रैलियों की व्यवस्था करके सेना के पारंपरिक मराठी वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने अल्पसंख्यक वोट सुरक्षित करने के लिए ईसाई समुदाय के प्रमुख नेताओं के साथ कई बैठकें की हैं।

मिनी मुंबई

अक्सर 'मिनी-मुंबई' कहा जाने वाला मुंबई नॉर्थ सेंट्रल शहर की विविधता का प्रतीक है। 17.1 लाख मतदाताओं के इस क्षेत्र में से पांचवां हिस्सा मुस्लिम समुदाय से है। इसके बाद मराठी मतदाता हैं जो आबादी का एक तिहाई हिस्सा हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में आपको फिल्मी सितारों और खिलाड़ियों जैसे दिग्गजों के आलीशान बंगले मिल सकते हैं, वहीं ऐसी झुग्गी झोपड़ियां भी हैं जिनमें बेहद गरीब परिवार रहते हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में उत्तर भारतीय, गुजराती, राजस्थानी, दक्षिण भारतीय और ईसाई मतदाताओं की भी बड़ी आबादी रहती है।

Tags:    

Similar News