Bihar News: NDA में हुआ सीटों का बंटवारा, BJP-17, JDU-16, चिराग की पार्टी पांच सीटों पर लड़ेगी चुनाव, पशुपति के हाथ खाली

Bihar News: बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए NDA में सीट शेयरिंग का बंटवारा हो गया है। चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

Update:2024-03-18 18:22 IST

बिहार में NDA में हुआ सीटों का बंटवारा, BJP-17, JDU-16, चिराग की पार्टी पांच सीटों पर लड़ेगी चुनाव: Photo- Social Media

Bihar News: बिहार में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट शेयरिंग का बंटवारा हो गया है। चिराग पासवान की लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) को पांच सीटें मिली हैं। वह पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बीजेपी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने NDA नेताओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NDA गठबंधन की सभी सीटों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि फॉर्मूले पर चर्चा हुई और एनडीए गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों ने इसे स्वीकार कर लिया है।

जो फॉर्मूला तय हुआ है उसके मुताबिक, बिहार में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा की 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि JDU 16, चिराग पासवान की पार्टी 5, मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) 1 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को 1 सीट दी गई है। चिराग पासवान की पार्टी के नेता राजू तिवारी ने कहा, बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत के बाद हमें पांच सीटें मिली हैं। मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम न केवल सभी पांच सीटें जीतेंगे बल्कि बिहार की सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करेंगे।

यहां गौर करने वाली बड़ी बात ये है कि एनडीए की सीट शेयरिंग में पशुपति पारस की लोकजन शक्ति पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली है। कुछ दिन पहले ही पारस ने बगावत के संकेत देते हुए कहा था कि उनके पास विकल्प खुले हुए हैं। अब देखना होगा कि पारस क्या कदम उठाते हैं।

बीजेपी इन सीटों पर लड़ेगी

बीजेपी बिहार के पश्चिम चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, औरंगाबाद, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगुसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम और अररिया लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेगी।

जदयू के खाते में ये सीटें

नीतीश की जदयू वामिकी नगर, सीतामढी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सीवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालन्दा, जहानबाद और शिवहर से लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।

चिराग पांच सीटों पर आजमाएंगे किस्मत

चिराग पासवान की पार्टी वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई सीट पर तो वहीं गया सीट पर जीतन राम मांझी की पार्टी लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। इसी तरह उपेंद्र कुशावाहा की पार्टी करकट लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

वहीं जेडीयू नेता संजय झा ने कहा कि बिहार में इस बार एकतरफा चुनाव है और एनडीए सभी 40 सीटों पर जीत हासिल करेगा। वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चैधरी ने कहा कि बिहार में कुल 40 की 40 सीट जीतने का लक्ष्य है। पिछले बार के 3 घटक दल के अतिरिक्त जीतन राम मांझी और कुशवाहा की आरएमएल भी एनडीए में है।

सात चरणों में होंगे चुनाव

यूपी की तरह बिहार में भी लोकसभा के चुनाव सात चरणों 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को होने हैं। पहले चरण में बिहार की 4 सीट पर वोटिंग होगी, दूसरे, तीसरे, चैथे और पांचवें चरण में 5-5 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा छठवें और सातवें चरण में 8-8 सीट पर वोटिंग होनी है।

एनडीए ने 2019 में जीती थीं 39 सीटें

2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए (भाजपा, जदयू और एलजेपी) ने शानदार प्रदर्शन किया था। एनडीए ने राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से 39 पर जीत दर्ज की थी, जबकि महागठबंधन के खाते में केवल एक किशनगंज सीट गई थी। जिस पर कांग्रेस के उम्मीदवार ने जीत दर्ज किया था।

Tags:    

Similar News