Loksabha Elections: मोदी कैबिनेट में UP से मंत्रियों की संख्या होगी कम, दिनेश शर्मा या जितिन प्रसाद की लग सकती है लॉटरी

Loksabha Elections: यूपी के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें घटने से एनडीए की नई सरकार में प्रदेश से मंत्रियों की भागीदारी कम हो सकती है। पिछले लोकसभा चुनावों से खराब प्रदर्शन के कारण ऐसा होने की संभावना है। सूत्रों की माने तो इस चुनाव में जो केंद्रीय मंत्री हारे हैं उनकी जगह मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।

Report :  Abhishek Mishra
Update:2024-06-09 16:15 IST

Loksabha Elections: लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन पिछले चुनाव से काफी खराब रहा। इसका असर मोदी सरकार की कैबिनेट पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि नए मंत्रिमंडल में सूबे से मंत्रियों की संख्या कम होगी। बता दें कि इस चुनाव में प्रदेश की 33 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। वहीं समाजवादी पार्टी 37 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल हुई। कांग्रेस ने 6, राष्ट्रीय लोक दल ने दो, आजाद समाज पार्टी ने एक और अपना दल ने एक सीट जीती हैं। 

मंत्रिमंडल में कम होगी यूपी की भागीदारी

यूपी के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें घटने से एनडीए की नई सरकार में प्रदेश से मंत्रियों की भागीदारी कम हो सकती है। पिछले लोकसभा चुनावों से खराब प्रदर्शन के कारण ऐसा होने की संभावना है। सूत्रों की माने तो इस चुनाव में जो केंद्रीय मंत्री हारे हैं उनकी जगह मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। माना यह भी जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में जातीय समीकरण को देखते हुए मंत्री पद का बंटवारा होगा। 

दिनेश शर्मा या जितिन प्रसाद की लग सकती लॉटरी

पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया था। जिससे एनडीए गठबंधन प्रदेश की 65 सीटें जीतने में कामयाब रहा। लेकिन इस बार गठबंधन को करीब आधी सीटों का नुकसान पहुंचा है। जानकारी के मुताबिक कम सीटों के चलते केंद्रीय मंत्रिमंडल में यूपी की हिस्सेदारी भी कम होने की उम्मीद है। सात जून को हुई बैठक में चुनाव परिणामों की समीक्षा के साथ मंत्रिमंडल पर भी चर्चा हुई थी। उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और पीलीभीत लोकसभा सीट से जीतने वाले जितिन प्रसाद की नए मंत्रिमंडल में लॉटरी लग सकती है। जानकारी के मुताबिक इन नेताओं को बड़ा मंत्रालय दिया जा सकता है। 

पिछली सरकार में रहे यूपी से 14 मंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए दो की सरकार में उत्तर प्रदेश के 14 मंत्री रहे। जिसमें वाराणसी से जीत दर्ज करने वाले पीएम मोदी भी शामिल थे। उनके अतिरिक्त अपना दल सोनेलाल की अनुप्रिया पटेल भी मंत्री बनीं। बता दें कि पिछली सरकार में राजनाथ सिंह, स्मृति इरानी, महेंद्रनाथ पांडेय, वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, संजीव बालियान, पंकज चौधरी, एसपी सिंह बघेल, भानू प्रताप वर्मा, कौशल किशोर, बीएल वर्मा और अजय मिश्र उर्फ टेनी को मंत्री बनाया गया था। इस चुनाव में 14 मंत्रियों में से सात को हार का सामना करना पड़ा। जिसके चलते मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की उम्मीद है। 




Tags:    

Similar News