Lok Sabha Election 2024: ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद घोसी सीट से लड़ेंगे चुनाव, सुभासपा का ऐलान

Lok Sabha Election 2024: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बड़े बेटे अरविंद राजभर को सुभासपा ने मुख्तार अंसारी के गढ़ में मैदान में उतारा है।

Update: 2024-03-07 13:12 GMT

अरविंद राजभर (Social Media)

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने गुरुवार (07 मार्च) को अपने उम्मीदवार का ऐलान कर दिया। बता दें, सुभासपा NDA का हिस्सा है और यूपी में बीजेपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए ने सुभासपा को लोकसभा चुनाव के लिए एक टिकट दिया है।

सुभासपा ने आज अपना कैंडिडेट घोषित किया। सुभासपा चीफ और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) के बड़े बेटे अरविंद राजभर को घोसी लोकसभा सीट (Ghosi Lok Sabha seat) से मैदान में उतारा है।

अरुण राजभर- 'फिर एक बार, मोदी सरकार'

इस संबंध में सुभासपा के प्रवक्ता और ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरुण राजभर (Arun Rajbhar) ने बताया, 'एक सीट पर एनडीए से हमारी बात बनी है। इसी कड़ी में घोसी लोकसभा सीट से अरविंद राजभर चुनाव मैदान में हैं।' अरुण राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'एनडीए गठबंधन अबकी बार 400 पार, फिर एक बार, मोदी सरकार. डॉ अरविंद राजभर को 70-घोसी से लोकसभा चुनाव प्रत्याशी बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।'

कौन हैं अरविंद राजभर?

घोसी सीट से सुभासपा के घोषित उम्मीदवार अरविंद राजभर पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के बेटे हैं। अरविंद राजभर को भारतीय जनता पार्टी, अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी का समर्थन प्राप्त है। ये सभी पार्टियां सुभासपा कैंडिडेट के लिए चुनाव प्रचार करेंगी।

बसपा के कब्जे में है घोसी सीट

बता दें, घोसी लोकसभा सीट इस वक्त बहुजन समाज पार्टी के कब्जे में है। बसपा नेता अतुल कुमार सिंह स्थानीय सांसद हैं। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में अतुल सिंह ने भाजपा के हरिनारायण को 1 लाख 22 हजार 568 वोट से हराया था। बसपा को यहां करीब 57 फीसदी वोट हासिल हुए थे। पिछले चुनाव में इस सीट के लिए बसपा और सपा का गठबंधन था। 

घोसी विधानसभा उपचुनाव में सपा की हुई थी जीत

घोसी लोकसभा सीट मऊ जिले (Mau district) में आती है। घोसी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह (Sudhakar Singh) ने बड़ी जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान (Dara Singh Chauhan) को हराया था। दारा सिंह का चुनाव प्रचार बढ़-चढ़कर ओपी राजभर ने किया था। बावजूद शिकस्त मिली। अब ओपी राजभर के बेटे ही मैदान में हैं। यहां मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है।  

Tags:    

Similar News