Bihar Politics: बिहार में पप्पू की पार्टी का कांग्रेस में विलय, इस सीट से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

Bihar Politics: पप्पू यादव को कांग्रेस में शामिल कराने के पीछे प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।

Update: 2024-03-20 11:14 GMT

बिहार में पप्पू यादव की जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय, पूर्णिया सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं: Photo- Social Media

Bihar Politics: 2024 के लोकसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो चुकी है। राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। वहीं नेताओं का भी एक पार्टी छोड़ दूसरी में शामिल होने का क्रम जारी है। आज बिहार में बड़ा राजनीतिक घटना क्रम देखने को मिला। पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का बुधवार को कांग्रेस में विलय कर लिया। लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व सांसद ने "जन अधिकार पार्टी" का कांग्रेस में विलय करने का फैसला लिया। पप्पू पूर्णिया सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। उनकी पत्नी रंजीत रंजन कांग्रेस की राज्यसभा सांसद हैं। उनके बेटे सार्थक भी कांग्रेस में शामिल हो गए। सूत्रों के मुताबिक, पप्पू यादव को कांग्रेस में शामिल कराने के पीछे प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।

हमारी विचारधारा सेक्यूलर- पप्पू यादव

कांग्रेस में शामिल होने के बाद पप्पू यादव ने कहा कि जन अधिकार पार्टी तीन चुनाव लड़ी। इसमें दो विधानसभा और एक लोकसभा का चुनाव शामिल है। इस पार्टी ने लंबा संघर्ष किया है। हमारी पार्टी सेवा, न्याय और संघर्ष के लिए जानी जाती है। हमारी पूरी विचारधारा कांग्रेस की आइडियोलॉजी के साथ रही है। कांग्रेस की विचारधारा हमेशा हमें ऊर्जा देती रही है। हमारी राजनीति की नींव सेक्यूलर रही है। किसी भी धर्म पर कोई हमला नहीं। हर परिस्थिति में दूसरे के विचारों का सम्मान मेरा इतिहास रहा है।

राहुल गांधी की जमकर तारीफ

इस दौरान पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करनते हुए कहा, दुनिया के सबसे बड़े तानाशाह से लड़ने की हिम्मत राहुल गांधी में है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का विश्वास मेरे लिए सबकुछ है। दो लोगों के विश्वास ने हमें हिम्मत दी है। हिंदुस्तान के लोगों को दिल किसी ने जीता है तो वो राहुल गांधी हैं। किसी ने लोगों में उम्मीद जगाई है वो राहुल गांधी हैं। उनकी सामाजिक न्याय को लेकर जो कमिटमेंट है, हमने उससे प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। हम लालू यादव और तेजस्वी यादव मिलकर 2024 का चुनाव और 2025 का विधानसभा चुनाव भी जीतेंगे।

इससे पहले मंगलवार को पप्पू यादव ने आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ मुलाकात की थी। मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि पारिवारिक माहौल में मुलाकात हुई। मिलकर बिहार में बीजेपी को जीरो पर आउट करने की रणनीति पर चर्चा हुई। बिहार में इंडिया गठबंधन की मजबूती, सीमांचल, कोसी, मिथिलांचल में 100 फीसदी सफलता लक्ष्य है।

Tags:    

Similar News