Election 2024: पीएम मोदी आज झारखंड-बंगाल में भरेंगे हुंकार, शाह के हाथ होगी ओडिशा की कमान

Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान एक जून को होना है। भाजपा ने इस चरण के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-05-28 03:16 GMT

पीएम मोदी और अमित शाह  (photo: social media ) 

Election 2024: 2024 लोकसभा चुनाव के छह चरणों के मतदान के बाद अब सातवें चरण की वोटिंग एक जून को होनी है। इस चरण के चुनाव प्रचार के लिए बीजेपी, कांग्रेस, सपा, बसपा और आम आदमी पार्टी सहित सभी पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी है।

भाजपा की ओर से स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार की कमान संभाल रखी है। इसी क्रम में पीएम मोदी आज यानी मंगलवार को दो राज्यों में तीन चुनावी रैलियां और एक रोड शो करेंगे। पीएम मोदी इन राजनीतिक कार्यक्रमों के अलावा बंगाल में दो और कार्यक्रमों में भी शरीक होंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा दौरे पर रहेंगे वे वहां तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में तीन चुनावी जनसभा करेंगे। भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी प्रचार की शुरुआत झारखंड के दुमका से करेंगे।

पीएम की झारखंड और बंगाल को साधने की अंतिम कोशिशें

पीएम मोदी आज झारखंड के दुमका में दोपहर लगभग 12.15 बजे से चुनावी जनसभा करेंगे। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल रवाना हो जाएंगे, जहां वे दोपहर करीब ढाई बजे बारासात में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम करीब चार बजे वे जादवपुर में रैली करेंगे। शाम लगभग 5.55 बजे पीएम मोदी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम छह बजे उत्तर कोलकाता में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी विवेकानंद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।


गृह मंत्री शाह और पार्टी प्रमुख नड्डा के कार्यक्रम

गृह मंत्री अमित शाह अपने ओडिशा दौरे पर भद्रक लोकसभा सीट पर चांदबली में दोपहर करीब 12.30 बजे जनसभा करेंगे। इसके बाद जाजपुर में दोपहर करीब सवा दो बजे एक और जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी दिन की अंतिम चुनावी रैली पुरी के नीमापाड़ा में होगी जहां वे जनता को संबोधित करेंगे और बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। यह जगतसिंहपुर लोकसभा सीट के दायरे में आता है। वहीं जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश के मंडी में भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के पक्ष में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उनकी राजधानी शिमला में भी एक चुनावी रैली प्रस्तावित है। नड्डा किन्नौर जिले में सुबह 11 बजे, जबकि शिमला में रामपुर के ननखड़ी मैदान में दोपहर 1.20 से चुनावी रैली होगी।



Tags:    

Similar News