LS Election 2024: जैसी घातक कांग्रेस की सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणापत्र है, होशंगाबाद में बोले मोदी

Lok sabha Election 2024: मोदी ने कहा, जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कभी नहीं दिया वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबासाहेब को अपमानित करने का काम किया है।

Update:2024-04-14 13:50 IST

PM Modi  (photo: social media ) 

Lok sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद के पिपरिया पहुंचे। होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह के पक्ष में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत मंच पर नर्मदा मैया की जय के साथ शुरू किया। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PM मोदी ने कहा, आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। आज संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू यहां से ज्यादा दूर नहीं है। महू में उनका घर हो या देश-विदेश में वे जहां भी रहे, उन स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कभी नहीं दिया वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबासाहेब को अपमानित करने का काम किया है। बाबासाहेब ने जो संविधान बनाया है, उसके कारण ही आज गरीब माँ का बेटा, मोदी तीसरी बार आपसे सेवा करने का मौका मांग रहा है।"

कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आजादी के अनेक दशक तक कांग्रेस के एक ही परिवार ने सीधे या रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाई है। इसी परिवार ने देश में आपातकाल या इमरजेंसी लगाई थी। कांग्रेस ने देश भर में लोकतांत्रिक सरकारों को जब मर्जी पत्तों के महल की तरह गिरा दिया। कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा और जो मन किया वो लिखवाया और खुद का ही महिमामंडन करवाया। कांग्रेस की मानें तो लोकतंत्र तब ठीक चल रहा था, फलफूल रहा था। लेकिन जैसे ही गरीब घर का बेटा प्रधानमंत्री बना वैसे ही कांग्रेस अफवाह फैलाने लगी कि मोदी आया है, संविधान और लोकतंत्र पर खतरा हो जाएगा। कांग्रेस वालों को पता नहीं है। ये बाबासाहेब का जो संविधान है, उसके कारण तो मोदी यहां पहुंचा है।"

वो तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणापत्र एक जिम्मेवारी होती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होशंगाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, आप INDI गठबंधन की स्थिति देखिए। वो तय नहीं कर पा रहे हैं कि घोषणापत्र एक जिम्मेवारी होती है, देश की जनता के लिए प्रतिबद्धता होती है, उनकी सरकार क्या करना चाहती है, कैसे करना चाहती है, ये भी उनकी बातों में कहीं नजर नहीं आता है। उनके घोषणापत्र में एक से बढ़कर एक खतरनाक वादे हैं। उनके एक साथी का घोषणापत्र कहता है कि देश से परमाणु हथियार खत्म कर देंगे। कोई देश ऐसा सोचेगा क्या? क्या ये देश की भलाई सोच सकते हैं? जैसी घातक इनकी सोच है, वैसा ही घातक उनका घोषणापत्र है। भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी के रूप में आपके सामने है। गांव हो या शहर, सरकार हर गरीब का पक्के घर का सपना पूरा करेगी। ये मोदी की गारंटी है।"

अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि...

PM मोदी ने कहा, अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। ये 2014 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? ये 2019 में भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? ये राम मंदिर के लिए भी बोलते थे, कभी आग लगी क्या? आग देश में नहीं लगी। आग, जलन उनके दिलों में लगी है। ये जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वो उनको अंदर से जलाती जा रही है। ये जलन भी मोदी के कारण नहीं है। ये जलन 140 करोड़ देशवासियों के मोदी के प्रति प्रेम के कारण है। वो ये प्रेम भी सहन नहीं कर पा रहे हैं।"

Similar News