Loksabha Election 2024: जब देश मज़बूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है, पीलीभीत में बोले पीएम
Loksabha Election 2024: उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के अवसर पर इतनी बड़ी रैली अजूबा है।;
PM Narendra Modi (Photo - Social Media)
Loksabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत की महारैली में भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के अवसर पर इतनी बड़ी रैली अजूबा है।
मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यह आपके वोट की ताकत है, आपके वोट से मजबूत सरकार बनी है। भाजपा सरकार ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है। जब नीयत सही होती है। हौसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं।
चंद्रयान ने चांद पर फहराया तिरंगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है। PM मोदी ने कहा, सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत ये दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। भारत जब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत बना तो आपको गर्व हुआ। हमारे चंद्रयान ने जब चांद पर तिरंगा फहराया तब आपको गर्व हुआ। भारत में हुए जी-20 सम्मेलन की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थी। लेकिन कोविड में भारत ने पूरी दुनिया में वैक्सीन और दवाइयां भेजी ये सुनकर आपको गर्व हुआ, विश्व में कहीं भी युद्ध का संकट आया हम वहां से एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। जब देश मज़बूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है।
कांग्रेस ने शक्ति का किया घोर अपमान
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीलीभीत की धरती पर माता यशवंतरी देवी का आशीर्वाद है। यहां आदि गंगा मां गोमती का उद्गम स्थल है। आज नवरात्रि के पहले दिन मैं देश को ये भी याद दिला रहा हूं कि कैसे इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। आज देश में जिस शक्ति की पूजा हो रही है, उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। जिस शक्ति के आगे हम शीश झुकाते हैं, उसको उखाड़ फेंकने की बात ये कांग्रेस के नेता कर रहे हैं।
विपक्ष पर बरसे मोदी
पीएम मोदी विपक्षी गठबंधन पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा, राम मंदिर का आमंत्रण ठुकराकर इन लोगों ने भगवान श्रीराम का अपमान किया है। विपक्ष के जो लोग प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए थे, उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लग रहा है। सपा और कांग्रेस सीएए का विरोध कर रही हैं विपक्षी गठबंधन भारत को बांटने की साजिश में जुटा है।
भाजपा सरकार ने कम की गन्ना किसानों की परेशानी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के राज में गन्ना किसानों को कैसे अपने ही पैस के लिए तरसाया जाता था। यह आपसे अच्छा कौन जातना है। भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की परेशानी को कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया है। कई चीनी मिलें खुलीं हैं, कई का विस्तार हुआ है और ये काम लगातार किया जा रहा है।
किसानों के खातों में पहुंचाया पैसा
उन्होंने कहा कि यह पूरा क्षेत्र खेती किसानी के लिए भी जाना जाता है। 10 वर्ष पहले किसानों की क्या हालत थी। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। किसानों पर लाठीचार्ज होता था। आज यूरिया पर्याप्त मात्रा में मिल रही है। यूरिया की बोरी दुनिया में तीन हजार रुपये में मिलती है, लेकिन हमारी सरकार तीन सौ रुपये से कम में देती है। किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। किसानों के बैंक खातों में 70 करोड़ हजार रुपये मोदी सरकार ने पहुंचाया है। 850 करोड़ रुपये पीलीभीत के किसानों के बैंक खातों में पहुंचे हैं।
भाजपा ने इस बार पीलीभीत से मौजूदा सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर कुछ समय पहले कांग्रेस से बीजेपी में आए जितिन प्रसाद को टिकट दिया है। इसलिए भाजपा की नजर पीलीभीत सीट पर है। यहां से वह हर संभव जीत की कोशिश में लगी है।