PM Modi In Karnataka: कर्नाटक को लूट का ATM बनाया, खाली किया खजाना, बागलकोट में कांग्रेस पर बरसे PM मोदी

PM Modi In Karnataka: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 2024 का चुनाव भारत का भविष्य तय करेगा। ये चुनाव विकसित भारत के संकल्प का चुनाव है। ये चुनाव आत्मनिर्भर भारत की सिद्धी का चुनाव है।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2024-04-29 07:51 GMT

PM Modi In Karnataka (Pic: Social Media)

PM Modi In Karnataka: लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए पीएम मोदी आज कर्नाटक बागलकोट पहुंचे, यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कर्नाटक कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक को भी अपनी लूट का ATM बना लिया है। इतने कम समय में ही इन लोगों ने कर्नाटक का सरकारी खजाना खाली कर दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 2024 का चुनाव भारत का भविष्य तय करेगा। ये चुनाव विकसित भारत के संकल्प का चुनाव है। ये चुनाव आत्मनिर्भर भारत की सिद्धी का चुनाव है। हमारा संकल्प है कि आने वाले कुछ सालों में भारत विश्व की टॉप 3 अर्थव्यवस्था बने। ये संकल्प छुट्टियां मनाने वाले पूरा नहीं कर सकते। मौज मस्ती करने वाले पूरा नहीं कर सकते। इसके लिए विजन चाहिए।

'कांग्रेस आई तबाही लाई'

पीएम मोदी ने कहा, वो दिन दूर नहीं है जब कर्नाटक सरकार अपने सरकारी मुलाजिमों को सैलरी भी नहीं दे पाएगी। आपके बच्चे भूखे मर जाएं वो ऐसी स्थिति पैदा कर देंगे। जनहित ही ऐसी कोई योजना नहीं जो कांग्रेस के भ्रष्टाचार का शिकार न हो और इस वजह से इतिहास भी कहता है, कांग्रेस आई तबाही लाई। 

'मोदी ने 10 वर्षों में हर वर्ग की चिंता की'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछले 10 वर्षों में मोदी ने हर उस वर्ग की चिंता की है, जिसे कांग्रेस ने बदहाली का जीवन जीने पर मजबूर किया था। आज ये लोग एक झटके में गरीबी हटाने का दावा करते हैं, लेकिन इनकी 60 साल की सरकार, इनकी कई पीढ़ियों का काम गवाह है कि वंचित वर्ग के लिए इनकी मानसिकता क्या रही है? करोड़ों परिवार इस देश में जीवन की मूलभूत जरुरतों से वंचित थे। उनके दुख, उनकी तकलीफ से कांग्रेस और उनके साथियों को कोई वास्ता नहीं था। 

पीएम मोदी ने बीजेपी सांसद के निधन पर जताया शोक

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कर्नाटक से बीजेपी के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास प्रसाद के निधन पर भी शोक जताया। बता दें कि सोमवार सुबह श्रीनिवास प्रसाद का निधन हुआ है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज सुबह ही हमें एक दुखद खबर मिली है। संसद में मेरे साथी, भाजपा के वरिष्ठ नेता और सामाजिक न्याय के अग्रणी सिपाही श्रीनिवास प्रसाद जी अब हमारे बीच नहीं रहे। श्रीनिवास प्रसाद जी चामराजनगर, कर्नाटक से सांसद थे। वे जमीन से जुड़े नेता थे, सच्चे अर्थ में जन नेता थे। अपने इतने दशकों के सामाजिक जीवन में उन्होंने हर क्षण गरीबो, शोषितों, वंचितों की सेवा की। ईश्वर उन्हें सद्गति दे, उनके परिवार और समर्थकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।


Tags:    

Similar News