UP Lok Sabha Election: राहुल और प्रियंका को लेकर खत्म होगा सस्पेंस, अमेठी-रायबरेली सीटों पर कांग्रेस आज खोल देगी पत्ते

UP Lok Sabha Election 2024: अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम का कई दिनों से बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-05-02 08:14 GMT

Rahul Gandhi Priyanka Gandhi  (PHOTO: Social media )

UP Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को लेकर पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। इन दोनों सीटों पर कल नामांकन की आखिरी तारीख है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज इन दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर सकते हैं।

अभी हाल में हुई कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इस मुद्दे पर गहराई से मंथन किया गया था। हालांकि अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी का नाम तय करने के संबंध में गांधी परिवार का ग्रीन सिग्नल न मिल पाने से आखिरी फैसला नहीं लिया जा सका था। बैठक में इस संबंध में आखिरी फैसला लेने की जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दी गई थी। माना जा सकता है कि पार्टी आज प्रत्याशियों का ऐलान कर देंगी।

घोषणा का बेसब्री से इंतजार

अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम का कई दिनों से बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। अमेठी से राहुल और रायबरेली से प्रियंका की उम्मीदवारी को लेकर कई दिनों से अटकलें का बाजार गरम बना हुआ है। हालांकि दोनों नेताओं की उम्मीदवारी को लेकर कोई नेता खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।

घोषणा में देरी के बावजूद कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इस मामले में तनिक भी विचलित नहीं है। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि हमें कोई डर नहीं है और इस बाबत चर्चा जारी है। नामांकन की आखिरी तारीख कल है। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि गांधी परिवार काफी लोकप्रिय है और उनकी सार्वजनिक सभाओं में लाखों लोग आ रहे हैं। इस संबंध में शीर्ष नेतृत्व जल्द फैसला लेगा।

कांग्रेस नेताओं ने बना रखा है दबाव

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस बार केरल की वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उनकी लोकसभा सीट पर मतदान 26 अप्रैल को हो चुका है। इस कारण सूत्रों का कहना है कि अब वे अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में उन्हें पिछले चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भी अमेठी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई के नेता चाहते हैं कि राहुल गांधी को अमेठी से ही चुनाव लड़ना चाहिए। इन नेताओं की यह भी मांग है कि सोनिया गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी को रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करना चाहिए।

हालांकि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अभी तक इस बाबत अपनी सहमति नहीं दी है। वैसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी चाहते हैं कि इन दोनों नेताओं को गांधी परिवार की इन दोनों सीटों से चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। उनका कहना है कि अगर दोनों सीटों से नहीं तो कम से कम एक सीट की कमान गांधी परिवार के हाथ में जरूर रहनी चाहिए। इस मामले में आखिरी फैसला अब खड़गे पर ही छोड़ दिया गया है। ऐसे में अब खड़गे की ओर से लिए जाने वाले फैसले पर सबकी निगाहें लगी हुई है। आज इस बाबत बड़ा ऐलान होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News