Lok Sabha Election 2024: बदायूं से कटा शिवपाल का टिकट, सुल्तानपुर में सपा ने बदला उम्मीदवार

SP Candidate List: समाजवादी पार्टी ने बदायूं से शिवपाल का टिकट काट दिया है। यहां से अब शिवपाल के बेटे आदित्य यादव नए उम्मीदवार होंगे।

Written By :  Sidheshwar Nath Pandey
Update: 2024-04-14 15:35 GMT

अखिलेश यादव। (Pic: Social Media)

SP Candidate List: समाजवादी पार्टी ने बदायूं से लोकसभा उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यहां से शिवपाल सिंह यादव का टिकट काट दिया गया है। अब यहां से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में होंगे। पार्टी ने बदायूं से तीसरी बार उम्मीदवार बदला है। सपा में उम्मीदवारों को बदलने का सिलसिला जारी है। बदायूं के साथ साथ सुल्तानपुर से भी उम्मीदवार को बदला गया है। सुल्तानपुर से पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद सपा के प्रत्याशी होंगे। इससे पहले भीम नीषाद का नाम सुल्तानपुर से सपा उम्मीदवार के तौर पर घोषित किया गया था।

बदायूं से तीसरी बार बदला उम्मीदवार

आगमी लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी लगातार उम्मीदवारों को बदल रही है। इसी क्रम में आज सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बदायूं और सुल्तानपुर सीट पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। समाजवादी पार्टी ने बदायूं से पहले धर्मेंद यादव को उम्मीदवार बनाया था। मगर बाद में इस सीट से अखिलेश ने चाचा शिवपाल को टिकट दिया। माना जा रहा था कि शिवपाल यादव बदायूं से लोकसभा चुनाव लड़ने में इच्छुक नहीं हैं। अब इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। सपा ने शिवपाल यादव का नाम वापस ले लिया है। अब यहां से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी इस सीट से तीसरे उम्मीदवार की घोषणा की है। आदित्य यादव का नाम तिसरी बार में चुना गया है।


सुल्तानपुर से कटा भीम निषाद का टिकट

सुल्तानपुर लोकसभा सीट से भी सपा ने उम्मीदवार बदल दिया है। इस सीट से चुनावी मैदान में उतारे गए भीम निषाद का टिकट पार्टी ने काट दिया है। पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद पार्टी के नए उम्मीदवार होंगे। गौरतलब है कि सुल्तानपुर से भाजपा ने मेनका गांधी को मैदान में उतारा है। सपा का ये दांव कितना कारगर होता है ये देखना दिलचस्प होगा। हालांकि 2022 विधानसभा चुनाव में रूद्रपुर सीट से लड़ते हुए रामभुआल को हार का सामना करना पड़ा था।

आज ही जारी हुई थी 7 उम्मीदवारों की सूची

आज दोपहर सपा ने अपनी 10वीं सूची में 7 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इसमें पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा का नाम भी शामिल है। इन्हें जौनपुर लोकसभा सीट से टिकट दिया गया है। श्रावस्ती से शिरोमणि वर्मा तो फूलपुर से अमरनाथ वर्मा को सपा ने उम्मीदवार बनाया है। संतकबीर नगर से पप्पू निषाद चुनावी मैदान में हैं। यहां भाजपा से मंत्री संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद से इनका सामना होगा। डुमरियागंज से बाहुबली नेता हरि शंकर तिवारी के बेटे भीष्म शंकर तिवारी पर सपा ने दांव लगाया है।

Tags:    

Similar News