श्रावस्ती, संत कबीर नगर और एटा में सपा की जीत तय! देखें कौन कितने वोटों से आगे

Lok Sabha Election 2024 UP Counting Result: लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की श्रावस्ती, संत कबीर नगर और एटा सीट पर जीत की तरफ आगे बढ़ चुकी है। तीनों सीट पर करीब 22-25 हजार वोटों का अंतर है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-04 07:37 GMT

Lok Sabha Election 2024 UP Counting Result: श्रावस्ती से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार राम शिरोमणी वर्मा निर्णायक वोटों से आगे चल रहे हैं। दोपहर एक बजे तक सपा उम्मीदवार राम शिरोमणि वर्मा करीब 26 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। ऐसे में इस सीट से सपा प्रत्याशी जीत के करीब माने जा रहे हैं। श्रावस्ती सीट से इस बार बीजेपी ने नृपेंद्र मिश्र के बेटे साकेत मिश्र को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं उनका मुकाबला बीएसपी से निष्काषित सांसद और सपा के उम्मीदवार राम शिरोमणि वर्मा से है। आईएनडीआईए गठबंधन से सपा उम्मीदवार राम शिरोमणि वर्मा साल 2019 के चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन से बसपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भिनगा विधानसभा से उम्मीदवार रहे मुइनुद्दीन अहमद खान उर्फ हाजी दद्दन खान पर भरोसा जताते हुए बसपा ने लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाकर दांव लगाया है।

संत कबीर नगर में भी सपा जीत के करीब

वहीं संत कबीर नगर सीट से भी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। और ऐसा माना जा रहा है कि इस सीट पर भी इस बार सपा का कब्जा हो सकता है। संत कबीर नगर से सपा उम्मीदवार लक्ष्मीकांत पप्पू निषाद दोपहर एक बजे तक करीब 65 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि सपा इस सीट पर जीत के करीब पहुंच चुकी है। इस सीट पर लोकसभा चुनाव के छठवें चरण के तहत 25 मई को मतदान हुआ था। इस सीट से भाजपा ने दूसरी बार प्रवीण निषाद को चुनावी मैदान में उतारा है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद पिछले चुनाव में मामूली वोटों के अंतर से विजयी हुए थे। वहीं इस सीट से बसपा ने नदीम अशरफ को प्रत्याशी बनाया है।

एटा सीट पर भी साइकिल आगे

उत्तर प्रदेश की एटा सीट से भी समाजवादी पार्टी लगातार बढ़त बनाए हुई है। दोपहर करीब 1 बजे तक 20 हजार से अधिक वोटों के अंतर से सपा प्रत्याशी देवेश शाक्य आगे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि इस सीट पर सपा अपना दम दिखा सकती है। एटा सीट पर तीसरे चरण के तहत मतदान हुआ था। इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह चुनावी मैदान में हैं। वहीं बसपा ने इस सीट से मोहम्मद इरफान को अपना उम्मीदवार बनाया है।

Tags:    

Similar News