तीसरे चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर 64.09% वोटिंग, असम-गोवा-पश्चिम बंगाल में 70% से अधिक मतदान

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत देश के 11 राज्यों की 93 सीटों पर मतदान समाप्त हो चुका है। इस फेज में कुल 64.09% वोटिंग हुई। सबसे अधिक वोट असम का 75.01 प्रतिशत का रहा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-07 14:02 GMT

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत देश के 11 राज्यों की 93 सीटों पर वोटिंग आज समाप्त हो गई। तीसरे चरण में 64.09% मतदान हुआ। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार थर्ड फेज में वोटिंग में करीब 2 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। 2019 के चुनाव में तीसरे चरण के तहत 66.89% वोटिंग हुई थी। आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 93 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। तीसरे चरण की वोटिंग के साथ ही अब 283 सीटों पर मतदान पूरे हो गए हैं। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल हुई थी, जिसमें 66.14 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 66.71 फीसदी मतदान हुआ था। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इन तीन फेज के मतदान के बाद अगली सरकार का रुख तय हो जाएगा। 

कहां कितनी सीटों पर मतदान

राज्यों का नाम सीटें वोट प्रतिशत (2024)

असम 

04

75.01%

बिहार 

05

56.41%

छत्तीसगढ़

07

66.92%

दादर नगर हवेली और दमन एवं द्वीप

 02

65.23%

गोवा 

02

72.98%

गुजरात 

25

55.83%

कर्नाटक 

14

66.26%

मध्य प्रदेश 

09

62.48%

महाराष्ट्र 

11

53.74%

उत्तर प्रदेश 

10

56.23%

पश्चिम बंगाल 

04

73.93%

यूपी की 10 सीटों पर चुनाव

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज यूपी की 10 सीटों पर मतदान हुआ। इन सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। तीसरे चरण के मतदान के साथ उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं की साख जुड़ी हुई हैं। यादव कुनबे के तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। बदायूं से सपा की टिकट से दिग्गज नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं मैनपुरी से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। साथ ही फिरोजाबाद सीट से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा एटा से यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह की साख भी दांव पर है।

यूपी में वोट प्रतिशत

लोकसभा सीट

वोट प्रतिशत (2024) 

संभल

61.10%

हाथरस

53.54%

आगरा

51.53%

फतेहपुर सीकरी

54.93%

फिरोजाबाद

56.27%

मैनपुरी

55.88%

एटा

57.07%

बदायूं

52.77%

आंवला

54.73%

बरेली

54.21%

2019 में 10 में से 9 सीटों पर बीजेपी का कब्जा

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में यूपी की 10 सीटों पर कुल 100 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में इन 10 सीटों में से 9 सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया था। विपक्ष सिर्फ एक सीट ही अपने नाम कर सकी थी। मैनपुरी सीट से सिर्फ मुलायम सिंह यादव ने जीत दर्ज की थी।

यादव कुनबे से 5 लोग मैदान में

इस बार के लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव के कुनबे से पांच लोग अलग-अलग सीटों से चुनावी मैदान में हैं, जिनमें से तीन सीटों पर आज तीसरे चरण के मतदान के साथ ही उनकी राजनीतिक किस्मत ईवीएम की पेंटी में बंद हो गई। आज जिन 3 सीटों पर यादव कुनबे चुनावी मैदान में थें, वो हैं बदायूं, फिरोजाबाद और मैनपुरी सीट। वहीं कल्याण सिंह के सियासी वारिस राजवीर सिंह एटा लोकसभा सीट से चुनावी जंग लड़ रहे हैं और आज जनता ने उनकी किस्मत को भी ईवीएम की पेंटी में बंद कर दिया है।

बारामती में पारिवारिक लड़ाई

'पवार परिवार' का गढ़ माने जाने वाले बारामती में इस बार ननद-भाभी के बीच सीधी टक्कर है यहां एनसीपी (शरद पवार गुट) ने तीन बार की मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले को टिकट दिया है। जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने सुनेत्रा पवार को अपना उम्मीदवार बनाया है।

तीसरे चरण में ये दिग्गज नेता हैं मैदान में

अमित शाह

गृहमंत्री अमित शाह गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से बीजेपी की टिकट से चुनावी मैदान में हैं। गांधीनगर सीट पर 1989 से ही भाजपा का कब्जा रहा है। यहां से भाजपा प्रत्याशी बड़े अंतर से जीतकर संसद पहुंचते रहे हैं। 1998 के बाद से 2014 तक गांधीनगर से आडवाणी सांसद रहे। पिछले चुनाव में अमित शाह ने कांग्रेस के सीजे चावड़ा को भारी मतों से हराया था। इस बार गृहमंत्री अमित शाह का मुकाबला कांग्रेस की सोनल पटेल से है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया

एमपी की गुना लोकसभा सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी की टिकट से चुनावी मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी की टिकट से पहली बार सांसदी का चुनाव लड़ रहे हैं।

दिग्विजय सिंह

एमपी की राजगढ़ सीट पर भी इस बार लोगों की निगाह है। इस सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं। 1994 में दिग्विजय सिंह इस सीट को छोड़ दिए थे, अब 32 साल बाद एक बार फिर वे इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान

एमपी की विदिशा सीट भी भाजपा का गढ़ मानी जाती रही है। इस सीट से इस बार एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के दिग्गज नेता शिवराज सिंह चौहान चुनावी मैदान में हैं। विदिशा सीट से ही चुनाव जीतकर शिवराज सिंह चौहान पहली बार सांसद बने थे। विदिशा लोकसभा सीट से अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज जैसे दिग्गज नेता भी चुनाव जीत चुके हैं।

डिंपल यादव

यूपी की मैनपुरी सीट हमेशा से सपा का गढ़ माना जाता रहा है। करीब 3 दशकों से सपा ने इस सीट पर अपना दबदबा बनाए रखा है। इस बार के लोकसभा चुनाव में इस मैनपुरी सीट से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव फिर चुनाव लड़ रही हैं। 2022 में मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में डिंपल ने यहां से जीत दर्ज की थी। बता दें, 1996 में मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से चुनाव जीते थे और तब से लेकर आज तक मैनपुरी सीट पर सपा का कब्जा रहा है।

आदित्य यादव

बदायूं सीट इस बार काफी चर्चा में रही है। सपा ने सबसे पहले इस सीट से धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया था। फिर सपा ने धर्मेंद्र यादव का टिकट काट कर शिवपाल यादव को उम्मीदवार बनाया और अंत में शिवपाल यादव का भी टिकट काट कर सपा ने उनके बेटे आदित्य यादव को चुनावी मैदान में उतारा। बीजेपी ने इस सीट से दुर्विजय सिंह शाक्य को टिकट दिया है।

सुप्रिया सुले

महाराष्ट्र की बारामती सीट सुप्रिया सुले चुनावी मैदान में हैं। प्रदेश के दिग्गज नेता शरद पवार की बेटी सुप्रिया पवार के पवार के ही भतीजे अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ रही हैं। शरद पवार और अजित पवार के पहली बार आमने-सामने होने की वजह से यह सीट काफी चर्चे में है।

मनसुख मंडाविया

गुजरात की पोरबंदर सीट से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया बीजेपी की टिकट से चुनावी मैदान में हैं। फिलहाल, मंडाविया राज्यसभा के सदस्य हैं। मनसुख मंडाविया का मुक़ाबला कांग्रेस के उम्मीदवार ललित वसोया से है। पिछले लोकसभा चुनाव में वसोया को बीजेपी उम्मीदवार रमेशभाई ने 2 लाख से अधिक वोटों से हाराया था। 

वोटिंग के दौरान यूपी में हुआ हंगामा

मैनपुरी के किशनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 176 तेजगंज पर बवाल हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बूथ पर बीजेपी उम्मीदवार ठाकुर जयवीर सिंहब के बेटे सुमित प्रताप सिंह पहुंचे थे। इस बीच हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते सपा और भाजपा के समर्थकों के बीच पथराव होने लगा। इस दौरान मौके पर भगदड़ मच गई। बता दें, कई गाड़ियां पथराव में क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार, पथराव के दौरान बीजेपी के एजेंट सुदेश कुमार और प्रधान प्रतिनिधि करण बहादुर सिंह घायल हो गए।

सपा ने एक्स पर शेयर किया वीडियो

साथ ही संभल से भी वोटिंग के बीट हंगामें की खबर सामने आई। दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पुलिस दिख रही है और कुछ घायल लोग दिख रहे थें। सपा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “संभल लोकसभा के अंतर्गत आने वाले कुंदरकी, बिलारी, चंदौसी, संभल एवं असमोली समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुलिस द्वारा मतदाताओं को पीटा एवं धमकाया जा रहा है। अनावश्यक रूप से वोटर पर्ची की चेकिंग करके मतदाताओं को परेशान करके मतदान को प्रभावित किया जा रहा है।” साथ ही सपा ने चुनाव आयोग से अपील की कि वो इस मामले का संज्ञान लें और निष्पक्ष वोटिंग सुनिश्चित करें।

Tags:    

Similar News