Lok Sabha Election: नई दिल्ली लोकसभा सीट पर कड़ा मुकाबला, बांसुरी स्वराज ने लगाई पूरी ताकत, जानिए क्या है समीकरण

Lok Sabha Election: भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। नई दिल्ली के 14 लाख मतदाताओं को साधने की कठिन चुनौती है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-04-16 11:05 GMT

Bansuri Swaraj in Lok Sabha Election (Photo: Social Media)

Lok Sabha Election: राजधानी दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन करके भाजपा को चुनौती देने की कोशिश की है। आप चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस के खाते में तीन सीटें आई हैं। नई दिल्ली लोकसभा सीट आप के खाते में आई है और आप ने इस सीट पर पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को चुनाव मैदान में उतारा है। दूसरी ओर भाजपा ने इस सीट पर भाजपा की दिग्गज नेता रह चुकी सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को उतार कर आप को कड़ी चुनौती देने की कोशिश की है।

नई दिल्ली लोकसभा सीट की जंग को आप और भाजपा दोनों दलों ने प्रतिष्ठा की जंग बना रखा है। पिछले दो लोकसभा चुनावों में भाजपा ने इस सीट पर जीत हासिल की थी रही है मगर 2015 से इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 10 विधानसभा सीटों पर आप का कब्जा है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सोमनाथ भारती के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। वैसे बांसुरी स्वराज ने अपने पहले चुनाव में ही जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है।

नए प्रत्याशी के रूप में बांसुरी पर दांव

नई दिल्ली लोकसभा सीट पर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तेजतर्रार नेता मीनाक्षी लेखी ने जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन को करारी शिकस्त दी थी। इसके बावजूद भाजपा ने इस बार उनका टिकट काटते हुए नए प्रत्याशी के रूप में बांसुरी स्वराज पर दांव लगाया है। भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची में ही बांसुरी स्वराज के नाम का ऐलान कर दिया गया था।



खुद को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बांसुरी स्वराज ने वंशवाद के आरोपों का खंडन किया था। उनका कहना है कि वे सुषमा स्वराज की वजह से राजनीति के मैदान में नहीं उतरी हैं बल्कि मेरा संघ से 24 साल से जुड़ाव रहा है। उनका कहना है कि मैंने पिछले 10 वर्षों के दौरान वकील के रूप में पार्टी और संगठन की सेवा की है और इसलिए मुझे उम्मीदवार बनाया गया है।

बांसुरी स्वराज ने की है विदेश से पढ़ाई

बांसुरी स्वराज की मां सुषमा स्वराज को भाजपा का दिग्गज नेता माना जाता रहा है। उन्हें भाजपा के दो शिखर पुरुषों अटल और आडवाणी दोनों का करीबी माना जाता था और संसद में उनके भाषण हमेशा देश में चर्चा का विषय बनते रहे। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान विदेश मंत्री के रूप में भी उन्होंने काफी बेहतर काम किया था।

बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल पैसे से वकील रहे हैं। इसके साथ ही वे मिजोरम के राज्यपाल भी रह चुके हैं। बांसुरी स्वराज का जन्मदिन 3 जनवरी 1984 को हुआ था और वे अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। वारविक विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में बी.ए. (ऑनर्स) करने के बाद उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित बीपीपी लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने कानून में बैरिस्टर के रूप अर्हता हासिल की। बांसुरी ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट कैथरीन कॉलेज से मास्टर ऑफ स्टडीज की पढ़ाई पूरी की है। वे 2007 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में नामांकित हुईं। क्रिमिनल लॉयर के रूप में उन्होंने अच्छी प्रसिद्धि हासिल की है।



ललित मोदी की लीगल टीम में थीं शामिल

बांसुरी स्वराज आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की लीगल टीम में भी शामिल थीं और इस बारे में जानकारी खुद ललित मोदी ने अपने ट्वीट में दी थी। इसे लेकर विपक्षी दल बांसुरी स्वराज पर हमला करते रहे हैं। बांसुरी स्वराज एक्स पर काफी एक्टिव रहती हैं और राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों के साथ ही महिला सशक्तिकरण पर भी अपने विचार शेयर करती हैं।

सोमनाथ भारती दे रहे कड़ी चुनौती

नई दिल्ली लोकसभा सीट पर बांसुरी स्वराज का मुकाबला आप पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती के से हो रहा है। नई दिल्ली लोकसभा ऐसा क्षेत्र है, जहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, न्यायाधीश समेत तमाम बड़ी हस्तियां रहती हैं। इसके अलावा काफी संख्या में सरकारी कर्मचारी भी इस इलाके में रहते हैं। संयोग से सोमनाथ भारती और बांसुरी स्वराज दोनों अधिवक्ता हैं और दोनों उम्मीदवारों के सामने नई दिल्ली के 14 लाख मतदाताओं को साधने की कठिन चुनौती है।

बांसुरी स्वराज का यह पहला बड़ा चुनाव है और अपनी वक्तृत्व कौशल के जरिए वे अपनी छवि गढ़ने की कोशिश में जुटी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर सोमनाथ भारती मालवीय नगर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं और उनके पास दिल्ली सरकार में काम करने का अनुभव भी है। ऐसे में बांसुरी स्वराज के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है।



आप प्रत्याशी का बांसुरी पर तीखा हमला

बांसुरी स्वराज को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही सोमनाथ भारती लगातार तीखा हमला करने में जुटे हुए हैं। बांसुरी स्वराज पर बड़ा हमला करते हुए उनका कहना है कि बांसुरी स्वराज ने देश के साथ गद्दारी करने वाले ललित मोदी को देश से भागने में मदद की।

वे ललित मोदी की वकील रही हैं और उन्होंने कोर्ट की डबल बेंच का फैसला आने से पहले ललित मोदी का पासपोर्ट रिन्यू कराया और उन्हें विदेश भेज दिया। ललित मोदी ने खुद ट्वीट करके बांसुरी स्वराज को धन्यवाद भी दिया। वे लगातार इस मुद्दे पर बांसुरी स्वराज को घेरने की कोशिश में जुटे हुए हैं जबकि बांसुरी स्वराज सफाई पेश करने में जुटी हुई हैं।

सुनीता केजरीवाल का भी नाम चर्चा में

नई दिल्ली लोकसभा सीट को लेकर एक चर्चा यह भी सुनी जा रही है कि आम आदमी पार्टी इस सीट पर अपना प्रत्याशी बदलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को मैदान में उतार सकती है। आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस बाबत पार्टी में गहराई से मंथन किया जा रहा है। राजधानी में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट पर कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को उतार कर भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी की घेरेबंदी की है और अब आप की ओर से नई दिल्ली सीट पर भी भाजपा की घेरेबंदी पर विचार किया जा रहा है।



हालांकि आपने अभी तक सुनीता केजरीवाल को चुनाव लड़ाने के संबंध में आखिरी फैसला नहीं किया है मगर इस दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकता है। दिल्ली के शराब घोटाले में गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं और केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता केजरीवाल ने अपनी सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। अब उनकी उम्मीदवारी की चर्चा भी सुनी जा रही है। अगर आप ने यह फैसला लिया तो निश्चित रूप से बांसुरी स्वराज की सियासी राह और मुश्किल हो जाएगी।

Tags:    

Similar News