KL Sharma: कौन हैं केएल शर्मा? जिन्हें कांग्रेस ने अमेठी से बनाया उम्मीदवार, जो स्मृति ईरानी को देंगे चुनौती

KL Sharma: 1983 में पहली बार राजीव गांधी के साथ अमेठी में आए थे केएल शर्मा। राजीव गांधी की मौत के बाद रायबरेली से पार्टी के जो भी सांसद होते रहे थे वे उनके मदद किया करते थे।

Written By :  Ashish Kumar Pandey
Update: 2024-05-03 05:11 GMT

केएल शर्मा , सोनिया और राहुल गांधी  ( photo: social media )

KL Sharma: कांग्रेस ने आखिरकार उत्तर प्रदेश की अमेठी और रायबरेली दोनों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर कई दिनों से चल रहे सस्पेंस को आज खत्म कर दिया। लेकिन राहुल गांधी अब अपनी परंपरागत सीट अमेठी को छोड़ रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे तो वहीं अमेठी से अब गांधी परिवार के विश्वासपात्र केएल शर्मा (KL Sharma) यानी किशोरीलाल शर्मा (Kishori Lal Sharma) चुनावी मैदान में होंगे। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। यहां अब लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि केएल शर्मा कौन हैं (Who is KL Sharma)  जिन्हें गांधी परिवार की परंपरागत सीट अमेठी से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।

...तो आइए जानते हैं कौन हैं केएल शर्मा

केएल शर्मा (KL Sharma) गांधी परिवार के काफी विश्वासपात्र और करीबी व्यक्ति हैं। उनका पूरा नाम किशोरी लाल शर्मा (Kishori Lal Sharma) है। वे मूलरूप से पंजाब के रहने वाले हैं। केएल शर्मा 1983 में पहली बार राजीव गांधी के साथ अमेठी आए थे। तब से वो लगातार कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। 1991 में राजीव गांधी की मौत के बाद रायबरेली सीट से कांग्रेस पार्टी के जो भी सांसद होते रहे थे वे उनके लिए कार्यों में उनकी मदद किया करते थे।


गांधी परिवार के काफी करीबी हैं

केएल शर्मा को गांधी परिवार का काफी करीबी माना जाता है। जब सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से लोकसभा सांसद थीं तब केएल शर्मा उनके सांसद प्रतिनिधि हुआ करते थे। वे सालों से अमेठी और रायबरेली में कांग्रेस पार्टी के कार्यों को देखते रहे हैं।


इस बार गांधी परिवार का सदस्य नहीं लडे़गा यहां से चुनाव

काफी समय बाद ऐसा होगा जब अमेठी से गांधी परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। राहुल गांधी अमेठी से 2004 में लोकसभा का चुनाव लड़े थे और जीत कर पहली बार संसद पहुंचे थे। उसके बाद 2009 और 2014 में भी राहुल गांधी अमेठी से सांसद चुने गए। वे लगातार तीन बार अमेठी से लोकसभा चुनाव जीते, लेकिन 2019 में उन्हें अमेठी से ही भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था। अब इस सीट से गांधी परिवार का कोई चेहरा मैदान में नहीं है। बल्कि कांग्रेस ने इस बार गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को अमेठी से उम्मीदवार बनाया है। अब केएल शर्मा भाजपा की स्मृति ईरानी को कितना टक्कर दे पाएंगे यह तो लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद ही पता चल पाएगा।



Tags:    

Similar News