M P Assembly Elections 2023: अखिलेश ने कमलनाथ और भाजपा पर बोला हमला, कहा-अच्छा हुआ कांग्रेस ने पहले ही धोखा दे दिया

M P Assembly Elections 2023: अखिलेश यादव ने जातीय गणना को लेकर भी कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार आएगी या हमारे सहयोग से सरकार बनेगी तो जातिय गिनती कराएंगे।

Update: 2023-11-03 14:03 GMT

Akhilesh Yadav 

M P Assembly Elections 2023:  सपा सुप्रीम अखिलेश यादव ने कमलनाथ और भाजपा पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने का मौका मिला था। मैं तो कहूंगा कि ये अच्छा किया कांग्रेस पार्टी ने अभी धोखा दे दिया, अगर बाद में धोखा दिया होता तो हम कहीं के नहीं बचते। अखिलेश यादव ने जातीय गणना को लेकर भी कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार आएगी या हमारे सहयोग से सरकार बनेगी तो जातिय गिनती कराएंगे।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-भाजपा सहित अन्य दल भी अपनी ताकत झोंकने में लगे हैं। यहां एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान पहुंचे थे, तो शुक्रवार को छतरपुर जिले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हुंकार भरी। अखिलेश ने छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पुष्पेंद्र अहिरवार के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश ने कहा कि ये उत्तर प्रदेश के बॉर्डर की बिल्कुल बगल की विधानसभा है। दो बार समाजवादियों को इस जगह पर आशीर्वाद मिला है, इस बार भी यहां की जनता हमारे प्रत्याशी को जिताकर विधानसभा भेजेगी। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए और एक नए रास्ते के लिए मैं आपसे अपील करने आया हूं।

कांग्रेस और बीजेपी में कोई फर्क नहीं

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गहराई से देखोगे आप तो कांग्रेस और बीजेपी में कोई फर्क नहीं है, उनके सिद्धांतों में कोई फर्क नहीं। बड़े संघर्ष और समाजवादियों की लड़ाई के बाद जाकर मंडल कमीशन लागू हुआ था। उन्होंने कहा, मुझे याद है उस समय मुख्यमंत्री जो बने थे कांग्रेस के, उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी अगर समर्थन कर दे तो दूसरे दलों से भी समर्थन मिल जाएगा। सबसे पहले सपा ने अपने इकलौते विधायक का समर्थन दिया और फिर दूसरे दल का समर्थन मिला और उसके बाद गवर्नर ने बुलाकर कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया।

कमलनाथ पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कमलनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके नाम में कमल हो, उनसे क्या उम्मीद कर सकते हो। वो बीजेपी की भाषा ही बोलेंगे, दूसरी भाषा नहीं बोलेंगे। अखिलेश ने कहा कि वैसे तो अखबारों में आपने बहुत कुछ पढ़ लिया होगा। एक समय तो ऐसा था, लग रहा था हम लोग गठबंधन में चुनाव लड़ने जा रहे हैं। हम लोगों में बातचीत हुई और पता नहीं क्या, किस कारण वो बात खत्म हो गई। गठबंधन में चुनाव लड़ने का मौका मिला था। मैं तो कहूंगा कि ये अच्छा किया कांग्रेस पार्टी ने अभी धोखा दे दिया, अगर बाद में धोखा दिया होता तो हम कहीं के नहीं बचते। उस धोखे की वजह से हमें पुष्पेंद्र अहिरवार को यहां से चुनाव लड़वाना पड़ रहा है। ये तालियां बता रही है कि इस बार न बीजेपी, न कांग्रेस सिर्फ साइकिल चुनाव लड़ने वाला है।

...तो सबसे पहले जातियों की गिनती कराएंगे

उन्होंने कहा कि वो लोग हमें जातिवादी कह रहे हैं, समाजवादी लोग कभी जातिवादी नहीं हो सकते। समाजवादी लोग तो हर वर्ग के लोगों को साथ जोड़कर चलने का काम करते हैं। अगर कोई पलटी मार रहा है अपने सिद्धांतों से तो वो दूसरे दल हैं। हमारी पार्टी का मानना है कि जब कभी भी हम सरकार में आएंगे या हमारे सहयोग से सरकार बनेगी तो सबसे पहले जातियों की गिनती कराएंगे। आपको आबादी के हिसाब से सम्मान मिले उसके लिए समाजवादियों की मदद करना और सपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक वोटों से विजयी बनाना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ये हमारे और आपके हक और सम्मान के खिलाफ हैं। ये हमारे आपके पक्ष में नहीं खड़े हो सकते। इन लोगों ने हमेशा हम लोगों को धोखा दिया।

Tags:    

Similar News