MP Election 2023: उमा भारती की नाराजगी बरकरार, प्रचार में नहीं दिख रही सक्रियता, चुनावी सरगर्मी के बीच हिमालय जाने का ऐलान

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी माहौल गरमाया हुआ है मगर भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पूरी तरह निष्क्रिय नजर आ रही हैं। चुनावी माहौल गरमाने के बावजूद उन्होंने हिमालय की यात्रा पर निकलने का ऐलान कर दिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-10-26 12:44 GMT

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के समय में भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती नाराज हैं, हिमालय जाने का ऐलान: Photo- Social Media

MP Election 2023  : मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सियासी माहौल गरमाया हुआ है मगर भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पूरी तरह निष्क्रिय नजर आ रही हैं। चुनावी माहौल गरमाने के बावजूद उन्होंने हिमालय की यात्रा पर निकलने का ऐलान कर दिया है। उमा भारती का इस ऐलान से माना जा रहा है कि अभी भी उनकी नाराजगी दूर नहीं हो सकी है।

हालांकि उन्होंने राज्य की शिवराज सरकार की तारीफ करने के साथ ही राज्य में दोबारा भाजपा की सरकार बनने के लिए प्रार्थना करने की बात कही है मगर चुनाव प्रचार से कन्नी काटने के कदम को उमा भारती की नाराजगी के साथ जोड़कर देखा जा रहा है।

हिमालय की यात्रा पर निकलने का ऐलान

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने भावी कार्यक्रम का संकेत दिया है। उमा भारती ने बताया कि गुरुवार को टीकमगढ़ में अपने पैतृक गांव डूंडा पहुंचने के बाद मैं शुक्रवार तक कुलदेवियों के सामने मत्था टेकूंगी। इसके बाद वे ओरछा में रामराजा सरकार का दर्शन करेंगी। इसके बाद उमा भारती हिमालय की यात्रा पर निकल जाएंगी।

उमा भारती की घोषणा पर हैरानी जताई जा रही है क्योंकि मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार ने तेजी पकड़ ली है। चुनावी बाजी जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने पूरी ताकत लगा रखी है मगर इस दौरान उमा भारती का हिमालय यात्रा पर जाना उनकी नाराजगी का संकेत माना जा रहा है।

भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती : Photo- Social Media

सपने पूरा करने पर चिंतन की जरूरत

उमा भारती ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगी या नहीं। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि मैं पूरी मेहनत करूंगी और भगवान से प्रार्थना करूंगी कि हमारी सरकार बने ताकि मेरी और हम सबकी अधूरी रह गई आकांक्षाएं पूरी हो सकें।

वैसे उमा भारती ने लंबे समय से भाजपा के सत्तारूढ़ होने के बावजूद कई कामों के अधूरा रहने का संकेत भी किया है। उन्होंने कहा कि 2003 से अभी तक बीच में थोड़े से समय को छोड़कर लगातार हमारी ही सरकार रही है। लोगों के जिन सपनों को पूरा करने के लिए हमने 20 साल पहले कांग्रेस को ध्वस्त किया था, वे सपना कहां तक पूरे हुए इस मुद्दे पर आत्मचिंतन किए जाने की जरूरत है। हिमालय में बद्री-केदारनाथ के दर्शन के समय में इस मुद्दे पर चिंतन करूंगी।

सरकार की तारीफ मगर अधूरे काम भी गिनाए

उमा भारती समय-समय पर शिवराज सरकार की कई नीतियों की प्रशंसा करती रही हैं मगर इसके साथ ही अधूरे कार्यों को लेकर सवाल भी उठाती रही हैं। उन्होंने शिवराज सरकार की नई शराब नीति की तारीफ की तो केन-बेतवा रिवर लिंक का शिलान्यास अभी तक न किए जाने पर सवाल भी उठाए। उन्होंने गोरक्षण के लिए उचित उपाय न किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रायसेन के सोमेश्वर और विदिशा के विजया देवी मंदिर के पट अभी तक न खोले जाने का भी जिक्र किया।

मध्य प्रदेश में उमा भारती की नाराजगी की खबरें पहले भी सामने आई थीं। अब उन्होंने चुनावी सरगर्मी के बीच हिमालय जाने की घोषणा करके एक बार फिर अपनी नाराजगी का संकेत दिया है। अब सब मकी निगाहें इस बात पर लगी हुई हैं कि उमा भारती भाजपा प्रत्याशियों के लिए चुनावी सभाएं करती हैं या नहीं।

Tags:    

Similar News