MP Election 2023: ‘आने वाली पीढ़ी कांग्रेस को वोट तो दूर छूने के लिए भी तैयार नहीं होगी’ शुजालपुर में बोले सीएम योगी

MP Election 2023: योगी इन दिनों चुनाव प्रचार जमकर पसीना बहा रहे हैं। मंगलवार को भी उन्होंने मध्य प्रदेश में चार रैलियां और रोड शो किए। शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-11-07 08:44 GMT

CM Yogi in Shujalpur  (photo: social media )

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियां हो रही हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों ने यहां के चुनावी रण में पूरी तरह से झोंक रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राज्यों के मुख्यमंत्री तक धुंआधार प्रचार कर रहे हैं। भाजपा में लोकप्रियता के मामले में प्रधानमंत्री के बाद अपना स्थान रखने वाले यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की चुनाव क्षेत्रों में जबरदस्त डिमांड है। योगी इन दिनों चुनाव प्रचार जमकर पसीना बहा रहे हैं।

मंगलवार को भी उन्होंने मध्य प्रदेश में चार रैलियां और रोड शो किए। शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस ने देश को आतंकवाद, उग्रवाद, नक्सलवाद की समस्या दी। भ्रष्टाचार के कारण देश की छवि को धूमिल किया। जब आने वाली पीढ़ी कांग्रेस का इतिहास पढ़ेगी तो तब कांग्रेस को वोट देने की बात तो दूर वे कांग्रेस को छूने के लिए भी नहीं तैयार होगी।

कांग्रेस महाराणा प्रताप को महान नहीं मानती

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने हमारे इतिहास को पग-पग पर कलंकित करने और अपमानित का काम किया है। कांग्रेस के शासन के दौरान हमें इतिहास पढ़ाया जाता था कि अकबर महान हैं, इसका मतलब ये है कि वे महाराणा प्रताप को महान नहीं मानते थे। ये कांग्रेसियों का इतिहास है। जबकि भाजपा कहती है महाराणा प्रताप और शिवाजी महान थे।

कांग्रेस ने तो भगवान श्री राम और कृष्ण के अस्तित्व पर ही सवाल उठा दिया। उनके लिए इतिहास केवल पंडित जवाहर लाल नेहरू से शुरू होता है। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार आई तो 500 वर्षों का विवाद खत्म हो गया और अब अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बन रहा है। जिसका उद्घाटन 22 जनवरी को होगा।

एमपी में 20 वर्षों में काफी काम हुआ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के दौरान काफी काम हुआ है। जिसके कारण यह प्रदेश अब बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल गया है। इसके लिए यहां के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तारीफ के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि आज यूपी और एमपी में बीजेपी की सरकार और केंद्र में पीएम मोदी का मार्गदर्शन है, दोनों राज्यों से बीमारू होने का ठप्पा हट गया है। दोनों राज्य अब देश के विकसित और अग्रणी राज्य की श्रेणियों में आ चुके हैं। यूपी सीएम ने शुजालपुर की जनता से स्थानीय बीजेपी उम्मीदवार और मंत्री इंदर सिंह परमार को जिताने की अपील की।

बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को सभी 230 सीटों पर एक चरण में मतदान होना है। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

Tags:    

Similar News