MP News: कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, पत्नी पर भी दर्ज है मारपीट का केस

MP News: पीड़ित महिला की शिकायत पर नौगांव थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-11-21 04:25 GMT

कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज (photo: social media )

MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उमंग सिंघार पर एक 38 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगातार सनसनी मचा दी है। धार की गंधवानी सीट से विधायक सिंघार सूबे में कांग्रेस के दिग्गज आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं। पीड़ित महिला की शिकायत पर नौगांव थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

महिला ने कांग्रेस नेता पर राजधानी भोपाल स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे विधायक निवास में नवंबर 2021 से लेकर 18 नवंबर 2022 के बीच रेप और मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़िता ने कांग्रेस विधायक पर अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप भी लगाया है। नौगांव पुलिस ने इन सभी आरोपों पर उमंग सिंघार के खिलाफ आइपीसी की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पत्नी पर पहले से दर्ज है मारपीट का केस

कुछ दिनों पहले पूर्व मंत्री उमंग सिंघार के घर काम करने वाली नौकरानी ने उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। नौकरानी ने कांग्रेस विधायक की पत्नी पिंकी सिंघार पर मारपीट और गाली-गलौज करने का केस दर्ज कराया था। महिला उमंग सिंघार के धार स्थित घर पर लंबे समय से खाना बनाने का काम करती थी। आरोप लगाने वाली महिला का नाम गायत्री भूरिया है।

सिंघार के घर में महिला ने कर लिया था सुसाइड

युवा आदिवासी नेता उमंघ सिंघार का विवादों से गहरा नाता रहा है। पिछले साल मई में भोपाल के शाहपुरा स्थित उनके बंगले में एक 38 वर्षीय महिला ने फांसी लगा ली थी। महिला 20-25 दिनों से सिंघार के घर पर रह रही थी। घटना के दौरान पूर्व मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर थे। मृतक महिला हरियाणा के अंबाला की रहने वाली थी और काफी समय से कांग्रेस नेता के घर उसका आना लगा रहता था।

कौन हैं उमंघ सिंघार

उमंग सिंघार मध्य प्रदेश की राजनीति में आदिवासियों के बीच एक बड़ा नाम है। राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। उनकी बुआ जमुना देवी प्रदेश की दिग्गज आदिवासी नेता रही हैं और उप मुख्यमंत्री के ओहदे पर भी रह चुकी हैं। उमंघ सिंघार खुद लगातार तीसरी बार गंधवानी विधानसभा सीट से विधायक हैं। इन्होंने 2008, 2013 और 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। कमलनाथ की 15 माह की सरकार में वह वन मंत्री थे।

Tags:    

Similar News